उत्तर प्रदेशभारत

झूठ का पुलिंदा है घोषणा पत्र…ब्रजेश पाठक का अखिलेश पर हमला; बोले- सत्ता की भूख से तड़प रही सपा

झूठ का पुलिंदा है घोषणा पत्र…ब्रजेश पाठक का अखिलेश पर हमला; बोले- सत्ता की भूख से तड़प रही सपा

ब्रजेश पाठक और अखिलेश यादवImage Credit source: Getty Images

यूपी चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि सपा का घोषणा पत्र पूरी तरह ढकोसला पत्र और झूठ का पुलिंदा है. सपा को लोग अच्छी तरह जानते हैं. जब-जब प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार आई, अपराधियों के हौसले बुलंद रहे. इन्हीं लोगों ने वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया की नीति पर काम किया और बेटियों-बहुओं की इज्जत और सुरक्षा को खतरे में डालने वालों को आगे बढ़ाया.

ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा सरकार में अपराधियों को प्रमोट किया गया और उन्हें सांसद-विधायक तक बनाया गया. आज यही लोग दलितों की बात कर रहे हैं, जबकि इन्हीं की सरकार के एक मंत्री ने बाबा साहेब को भू-माफिया कहा था. उन्होंने कहा कि सपा सरकार में दलितों पर अत्याचार होते रहे और सरकार चुप बैठी रही. इतना ही नहीं, अपनी सरकार के दौरान दलित कर्मचारियों का डिमोशन तक किया गया.

‘सत्ता की भूख से तड़प रही सपा’

उन्होंने कहा, ‘समाजवादी पार्टी आज सत्ता की भूख में तड़प रही है. मैंने सपा का घोषणा पत्र पढ़ा है. इसमें ऐसी बातें लिखी गई हैं, जिन्हें वो खुद सपने में भी पूरा नहीं करना चाहेंगे. पिछले घोषणा पत्र की कुछ बातों में एक-दो नई बातें जोड़कर फिर से जनता के सामने रख दिया गया है’.

‘टेप रिकॉर्ड पर बात करती है समाजवादी पार्टी’

डिप्टी सीएम ने कहा कि बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में जनता से जो भी वादे किए थे, उन्हें पूरा किया है. बीजेपी ट्रैक रिकॉर्ड पर काम करती है, जबकि समाजवादी पार्टी टेप रिकॉर्ड पर बात करती है. बीजेपी 2017 से 2022 और फिर 2022 से 2027 के चुनावी सफर में अपने काम के आधार पर जनता के बीच जा रही है, जबकि सपा ने अपने घोषणा पत्र को कभी धरातल पर नहीं उतारा.

उन्होंने कहा कि आज समाजवादी पार्टी किसानों, गरीबों और युवाओं की चिंता करने का दावा कर रही है, लेकिन इसी पार्टी ने उत्तर प्रदेश को कट्टा उद्योग में बदलने और वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया देने का काम किया. ऐसे लोग किस मुंह से प्रदेश की जनता के बीच जाएंगे. समाजवादी पार्टी को घोषणा पत्र नहीं, माफीनामा जारी करना चाहिए.

माफिया के खिलाफ कार्रवाई पर बोले डिप्टी सीएम

ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज हमारा प्रदेश उत्तर प्रदेश नहीं, बल्कि उत्सव प्रदेश के नाम से जाना जा रहा है. प्रदेश में माफिया के खिलाफ कार्रवाई हुई है. आज उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे हैं. सरकार की नीतियों के चलते बड़े-बड़े उद्योग और निवेश प्रदेश में आ रहे हैं. उत्तर प्रदेश आज विकसित राज्य के रूप में स्थापित हो रहा है.

UPPSC की नियुक्तियों पर उठाए सवाल

सपा सरकार में लोक सेवा आयोग की नियुक्तियों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रयागराज में लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष अनिल यादव को बनाया गया था, जिन पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज होने का आरोप था. इसके बावजूद उन्हें अध्यक्ष बनाया गया. सपा सरकार में एक ही जाति और एक ही जिले के लोगों को नियुक्तियों में प्राथमिकता दी जाती थी. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के बीच लोक सेवा आयोग को लेकर भी भेदभाव के आरोप लगे. उन्होंने कहा कि आज बीजेपी सरकार में युवाओं को उनकी मेधा, बुद्धि और कौशल के आधार पर बिना पर्ची-खर्ची के सरकारी नौकरी दी जा रही है.

बिजली को लेकर भी सपा पर निशाना

बिजली व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने सपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सपा सरकार में एक हफ्ते दिन में और एक हफ्ते रात में बिजली आती थी, जबकि आज बीजेपी सरकार में प्रदेश के सभी 75 जिलों को बराबर बिजली देने का काम किया जा रहा है.

सपा के पीडीए नारे पर कसा तंज

समाजवादी पार्टी के पीडीए नारे पर तंज कसते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा अपने नाम से वोट क्यों नहीं मांग रही है? उन्होंने कहा कि अक्सर जब किसी दुकान का माल बिकना बंद हो जाता है तो दुकानदार नए नाम से दुकान खोल लेते हैं. समाजवादी पार्टी भी नए नाम के साथ मैदान में उतर रही है, लेकिन प्रदेश की जनता उसकी असलियत समझती है. पार्टी चाहे जितना रूप बदल ले, जनता उसे स्वीकार नहीं करेगी.

उन्होंने कहा कि जब-जब समाजवादी पार्टी की सरकार रही, दलितों पर अत्याचार बढ़े. सपा सरकार के दौरान बेटियां शाम पांच बजे के बाद घर से बाहर नहीं निकल पाती थीं, जबकि आज बीजेपी सरकार में बेटियां रात 12 बजे भी अपने गंतव्य तक जा सकती हैं.

डिप्टी सीएम ने कहा कि बीजेपी ने बेहतर कानून व्यवस्था और गरीब कल्याण की योजनाओं के जरिए उत्तर प्रदेश को समावेशी और विकसित राज्य बनाने का संकल्प पूरा किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के आधार पर प्रदेश के 25 करोड़ लोग सरकार की योजनाओं का लाभ ले रहे हैं और बीजेपी को लगातार अपना आशीर्वाद दे रहे हैं.

ये भी पढ़ें: 2027 में साइकिल पंचर होगी… अखिलेश के चुनावी घोषणापत्र पर केशव मौर्य का तंज

विवेक शर्मा

विवेक शर्मा

साल 2010 से रिपोर्टिंग की शुरुआत की। सबसे पहले इंडिया न्यूज, श्री न्यूज, लाइन इंडिया, एबीपी न्यूज और अब टीवी 9 भारतवर्ष के साथ, देश की सभी बडी क्राइम की खबरों पर भरोसेमंद रिपोर्टिंग के साथ सफर जारी है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button