उत्तर प्रदेशभारत

उल्टी, सिरदर्द और पेट दर्द… मुजफ्फरनगर में गाजर का हलवा खाने से बिगड़ी 40 लोगों की तबीयत, अस्पताल में भर्ती

उल्टी, सिरदर्द और पेट दर्द… मुजफ्फरनगर में गाजर का हलवा खाने से बिगड़ी 40 लोगों की तबीयत, अस्पताल में भर्ती

गाजर का हलवा

Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त चिंता में बदल गईं, जब दावत में गाजर का हलवा खाने के बाद करीब 40 लोग बीमार पड़ गए. सभी लोगों को सिरदर्द, उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई. अचानक बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने से समारोह में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में बीमार लोगों को अलग-अलग निजी अस्पतालों और सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. शुरुआती आशंका खाद्य विषाक्तता यानी फूड पॉइजनिंग की जताई जा रही है.

मामला मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के नगवा गांव का है. अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार रात एक शादी समारोह में शामिल हुए लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी. किसी को उल्टी की शिकायत हुई तो किसी ने पेट दर्द और सिरदर्द की परेशानी बताई. देखते ही देखते बीमार लोगों की संख्या बढ़कर करीब 40 तक पहुंच गई. इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया.

शादी की दावत बनी मुसीबत

स्थानीय लोगों के अनुसार, शादी समारोह में शामिल इन सभी लोगों ने शुक्रवार को दावत के दौरान गाजर का हलवा खाया था. इसके बाद ही लोगों की तबीयत खराब होने लगी. इसी वजह से आशंका जताई जा रही है कि हलवा खाने से खाद्य विषाक्तता की स्थिति पैदा हुई. बुढ़ाना सरकारी स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. विपुल तोमर ने बताया कि बीमार लोगों को उपचार के लिए अस्पतालों में ले जाया गया. कुछ मरीजों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य का इलाज बुढ़ाना के सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में किया गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

हलवा खाने से 40 लोग बीमार

स्वास्थ्य विभाग की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर शादी समारोह में परोसे गए भोजन में किस वजह से लोगों की तबीयत बिगड़ी. जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि गाजर के हलवे में किसी तरह की मिलावट या खराबी थी अथवा बीमारी की कोई दूसरी वजह रही. शादी समारोह में एक साथ करीब 40 लोगों के बीमार होने की घटना ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है और बीमार लोगों को उपचार दिया जा रहा है.

रविन्द्र सिंह

रविन्द्र सिंह

रविंद्र सिंह उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रिपोर्टर हैं. वह बीते 17 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उनकी शुरुआत एक हिंदी दैनिक अखबार से हुई. फिर साल 2014 से वह न्यूज़ नेशन व रीजनल न्यूज़ स्टेट में काम किया. यहां पर उन्होंने लगातार 2023 तक जिला स्तर पर काम किया. इन्होंने सभी प्लेटफॉर्म के साथ जुड़कर इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में भी काम किया है. सॉफ्ट स्टोरी और क्राइम स्टोरी को समझते हुए समर्पण के साथ रिपोर्टिंग को प्राथमिकता दी. उसके बाद से वह TV9 भारतवर्ष के साथ काम कर रहे हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button