विश्व

सेनाध्यक्ष सेठ के बाद PM मोदी जाएंगे चेक गणराज्य, जानें क्यों महत्वपूर्ण है यह यूरोपीय देश?

यूरोप के देश चेक गणराज्य में भारत के थलसेना प्रमुख के दौरे के बाद अगले महीने पीएम मोदी के दौरे की भी तैयारियां हो चुकी हैं. इसी हफ्ते थलसेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने चार दिवसीय चेक गणराज्य का दौरा किया है. आखिर ऐसा क्या है इस देश में कि रक्षा सहयोग के साथ भारत की कूटनीति के लिए भी बेहद अहम हो गया है. 

चेक रिपब्लिक या जिसे चेक गणराज्य कहा जाता है, सेंट्रल यूरोप का एक देश है. इस देश की सेना या फिर मिलिट्री पावर की बात करें तो फायर पावर इंडेक्स में निचले पायदान पर हैं. ऐसे में हर कोई हैरान था कि जनरल सेठ चेक गणराज्य का दौरा क्यों कर रहे हैं. ये दौरा अभी पूरी तरह समाप्त भी नहीं हुआ था कि खबर आई कि अगले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी चेक गणराज्य का दौरा करेंगे. 

भारत के ऐतिहासिक संबंध

करीब डेढ़ दशक पहले वर्ष 2012 में तत्कालीन थलसेनाध्यक्ष जनरल वीके सिंह ने टाटरा मिलिट्री ट्रक खरीद के मामले में एक रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल रैंक के अधिकारी पर घूस देने का सनसनीखेज आरोप लगाया था. इन टाटरा ट्रक को चेक गणराज्य की एक प्राइवेट कंपनी के साथ भारत की डिफेंस पीएसयू BEML (भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड) मिलकर निर्माण करती थी. इस मामले की जांच सीबीआई ने की थी. जैसा हम जानते हैं कि जनरल वी के सिंह फिलहाल मिजोरम राज्य के गर्वनर के पद पर हैं. दरअसल, ये चेक गणराज्य, अपने इंडिस्ट्रियल कॉम्पलेक्स और मैन्युफैक्चेरिंग के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है. भले ये दुनिया के सबसे नए देशों में है. 

चेकोस्लोवाकिया से चेक गणराज्य

1992-93 में चेक गणराज्य, जो पहले चेकोस्लोवाकिया था, उसके दो हिस्से हुए थे. कोल्ड वॉर खत्म हुआ था और एक-एककर दुनिया से जितने भी कम्युनिस्ट देश थे, वो बिखर रहे थे. ठीक वैसा चेकोस्लोवाकिया के साथ हुआ. एक देश बना चेक गणराज्य और दूसरा बना स्लोवाकिया. खुद चेकोस्लोवाकिया भी पहले विश्वयुद्ध के बाद, 1918 में अस्तित्व में आया था.  ये देश जर्मनी, ऑस्ट्रिया और पौलैंड देशों से घिरा है.

चेक से भारत में आया बाटा

भारत में आज बाटा को कौन नहीं जानता. ये बाटा कोई भारतीय ब्रांड नहीं है. बल्कि चेकस्लोवाकिया का ही था. आजादी से पहले यानी 1930 के दशक में चेकोस्लोवाकिया के एक बड़े बिजनेसमैन थे, जिनका नाम बाटा था, उन्होंने अपनी चप्पल-जूतों की फैक्ट्री कोलकाता में लगाई थी. तब से ये ब्रांड,भारत का हो गया है. आज के समय में स्कोडा कार भी इसी चेक गणराज्य की हैं, जो हमें अपने देश की सड़कों पर दिख जाती हैं. टाट्रा ट्रक मामले के बाद, भारत और चेक गणराज्य के संबंध थोड़े पटरी से उतर गए थे. ऐसे में फिर पटरी पर लाना बेहद जरूरी था. 

द्विपक्षीय रक्षा सहयोग

भारतीय सेना के मुताबिक, जनरल सेठ की चेक गणराज्य की यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करना, दोनों देशों की सेनाओं के बीच आपसी संपर्क व समन्वय बढ़ाना तथा रक्षा प्रौद्योगिकी एवं उद्योग के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाशना है. यानी दोनों देश मिलकर हथियार या दूसरे सैन्य उपकरण बना सकते हैं. इस यात्रा के दौरान, दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने के साथ सभी की निगाहें जनरल सेठ की NATO के CBRN डिफेंस एक्सीलेंस सेंटर दौरे पर टिकी. 

चेक गणराज्य NATO का सदस्य देश है. रूस-यूक्रेन जंग के दौरान कई बार केमिकल, बायोलॉजिकल और परमाणु हमले तक की नौबत आती दिखाई दी थी. यही वजह है कि अमेरिका और यूरोपीय देशों के मिलिट्री संगठन, NATO में CBRN यानी केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर अटैक के संभावित खतरों से निपटने पर खासा जोर दिया जाता है. भारतीय सेना में भी पाकिस्तान की तरफ से परमाणु हथियारों की धमकी के चलते CBRN अटैक से बचने पर खासा जोर दिया जाता है. 

भारतीय सेना ने डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (DRDO) की मदद से CBRN  कवच को बेहद मजबूत बनाया है. इसी साल सितंबर के महीने में रक्षा मंत्रालय ने थलसेना के लिए CBRN  व्हीकल्स का एक बल्क ऑर्डर भी दिया था. CBRN  रेकी वाहन, केमिकल बायोलॉजिकल रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर एजेंटों से दूषित क्षेत्रों का पता लगाने, उनकी पहचान करने, निगरानी करने और उन्हें चिन्हित करने में सक्षम होते हैं. 

भारतीय सेना के मुताबिक, थल सेनाध्यक्ष ने अपनी यात्रा के दौरान चेक सशस्त्र बलों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ चर्चा की. इनमें राजधानी प्राग स्थित जनरल स्टाफ मुख्यालय में जनरल स्टाफ के प्रथम उप प्रमुख और उप रक्षा प्रमुख भी शामिल थे. थल सेनाध्यक्ष ने जनरल स्टाफ मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की. 

प्रधानमंत्री मोदी, क्यों चेक गणराज्य जा रहे हैं?

2023 में जब अमेरिका की सबसे बड़ी जांच एजेंसी FBI ने चेक गणराज्य से निखिल गुप्ता नाम के एक भारतीय मूल के नागरिक को गिरफ्तार किया था और अपने साथ अमेरिका ले गई थी. FBI ने आरोप लगाया कि निखिल गुप्ता ने भारतीय की इंटेलीजेंस एजेंसी RAW के एक ऑफिसर विकास यादव के दिशा-निर्देश पर अमेरिका में रहने वाले खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू को मारने की साजिश रची थी. ये विकास यादव, CRPF का ऑफिसर था और Deputation पर रॉ में तैनात था. लेकिन भारत की जांच एजेंसियों ने विकास यादव को आपराधिक मामले में पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.

खुद निखिल गुप्ता ने न्यूयॉर्क की कोर्ट में लिखकर दिया है कि वो इस मामले में अकेला ऑपरेट कर रहा था और भारत की किसी एजेंसी का इस मामले में यानी पन्नू के खिलाफ साजिश रचने में कोई हाथ नहीं था. वो बात और है कि पन्नू आए दिन भारत के खिलाफ आग उगलता रहता है और भारत की अंखडता पर चोट पहुंचाने की साजिश रचता रहता है. यही वजह है कि NIA ने खुद पन्नू को मोस्ट वांटेड घोषित कर रखा है. लेकिन इस घटना से चेक गणराज्य में रहने वाले भारतीय मूल के नागरिकों के साथ-साथ भारत के साथ संबंध भी थोड़ा खराब हुए हैं. 

हालांकि, चेक गणराज्य ने कभी भी सीधे तौर से इस मामले को लेकर भारत से कोई आपत्ति या शिकायत नहीं की है. जनरल सेठ के दौरे से पहले भी दोनों देशों के बीच यात्राओं और चर्चाओं का दौर चलता रहा है लेकिन पीएम मोदी का दौरा, भारत और चेक गणराज्य के संबंधों को मजबूती प्रदान करने में अहम भूमिका निभाएगा. 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button