उत्तर प्रदेशभारत

लहूलुहान महिला का वीडियो वायरल होने पर SP ने खोला राज, 6 पर FIR

जननायक एक्सप्रेस में हिंसक झड़प: लहूलुहान महिला का वीडियो वायरल होने पर SP ने खोला राज, 6 पर FIR

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल.

Moradabad News: जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल जाने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने रेलवे पुलिस की कार्यशैली और यात्री सुरक्षा पर बहस छेड़ दी है. वीडियो में बिहार की रहने वाली महिला यात्री रूबी लहूलुहान हालत में दिखाई दे रही हैं और उनकी बेटियां उन्हें संभालती व बचाती नजर आ रही हैं. एक तरफ पीड़ित पक्ष ने एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात जीआरपी (GRP) सिपाहियों ललित सागर और अजय कुमार पर मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं.

वहीं, दूसरी ओर एसपी रेलवे आशुतोष शुक्ला ने पूरे घटनाक्रम का विवरण देते हुए सिपाहियों पर हमले, वर्दी फाड़ने, गाली-गलौच, मोबाइल छीनने और बंधक बनाने जैसी स्थिति पैदा होने का दावा किया है. इस मामले में चार महिलाओं और दो पुरुषों समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर दो युवकों को ट्रेन से उतारा गया है.

पुलिस के मुताबिक, मुरादाबाद से निकलने के बाद मतलबपुर के आसपास दो परिवारों के बीच सीट पर बैठने को लेकर विवाद शुरू हुआ. बताया गया कि सीट पर लेटी महिला रूबी और उनकी लड़कियों ने दूसरे परिवार के साथ विवाद की शुरुआत की.

बचाव करने पहुंचे एस्कॉर्ट कर्मियों से उलझने का आरोप

एसपी रेलवे आशुतोष शुक्ला के अनुसार, जब एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ललित सागर और अजय कुमार ने बच्चे के साथ खड़ी महिला को बैठने की जगह देने के लिए कहा, तो विवाद बढ़ गया और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया गया. आरोप है कि इस दौरान सिपाहियों के साथ मारपीट व गाली-गलौच की गई, वर्दी फाड़ी गई, मोबाइल छीने गए और उन्हें बंधक बनाने जैसी स्थिति बन गई.

लहूलुहान महिला के वायरल वीडियो पर एसपी रेलवे की सफाई

महिला यात्री रूबी ने आरोप लगाया है कि सीट विवाद के दौरान जीआरपी सिपाही ललित और अजय ने उनकी बेटियों के सामने उनके साथ मारपीट की. पीड़ित पक्ष के मुताबिक, धक्का-मुक्की में जमीन पर गिरने से महिला के माथे और सिर में चोट आई और खून बहने लगा, जबकि वायरल वीडियो में बेटियां उन्हें बचाती दिख रही हैं.

वायरल वीडियो में दिख रही चोट को लेकर एसपी रेलवे आशुतोष शुक्ला ने कहा कि महिला और उसकी लड़कियों ने पुलिसकर्मी को पकड़कर थप्पड़ मारा था. खुद के बचाव में सिपाही द्वारा दिए गए धक्के से महिला नीचे गिर गईं और हाथ में पहनी चूड़ी के कांच माथे पर लगने से खून निकल आया. उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा में तैनात कर्मियों से ऐसा व्यवहार उचित नहीं है और किसी को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती.

ये भी पढ़ें: मुंबई के पार्क में फोटो खींच रहे लड़का-लड़की से मारपीट, वीडियो वायरल होते ही मचा बवाल 8 नाबालिगों पर FIR

नजीबाबाद में ट्रेन को किया गया अटेंड, मेडिकल परीक्षण के बाद 6 पर FIR

घटना की सूचना कंट्रोल रूम को मिलने के बाद नजीबाबाद में एसओ नजीबाबाद और आरपीएफ के जवानों ने ट्रेन को अटेंड किया. पुलिस के अनुसार, घायल एस्कॉर्ट कर्मियों को सुरक्षित निकाला गया और मारपीट करने वाले दो लड़कों को ट्रेन से उतारा गया.

मेडिकल परीक्षण के बाद चार महिलाओं और दो पुरुषों समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ FIR कायम की गई है. फिलहाल वायरल वीडियो, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

शारिक सिद्दिकी

शारिक सिद्दिकी

पिछले 4 सालों से पत्रकारिता के फील्ड में हूं, निष्पक्ष पत्रकारिता का पक्षधर और सच्चाई के साथ अपने कर्तव्य का पालन करना ही मेरा उद्देश्य.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button