शामली में सिलेंडर ब्लास्ट… घर के अंदर जिंदा जल गईं मां और दो बेटियां, बेबस होकर देखते रहे पति-बेटे


मां बेटियों की मौत.
Shamli News: उत्तर प्रदेश के शामली जनपद से एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक हादसा सामने आया है. बाबरी थाना क्षेत्र के कैड़ी गांव में बुधवार देर रात एक मकान में भीषण आग लगने से मां और उसकी दो मासूम बेटियों की जिंदा जलकर मौत हो गई. वहीं, घर के दूसरे कमरे में सो रहे पति और दो बेटों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई. पुलिस को प्रारंभिक जांच में आशंका है कि शॉर्ट-सर्किट के बाद सिलेंडर ब्लास्ट होने से यह भयावह आग भड़की.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर कैड़ी गांव निवासी साजिद (35) अपनी पत्नी, दो बेटियों और दो बेटों के साथ रहते हैं. उनके मकान में दो कमरे, एक किचन और एक हॉल है. साजिद अपने दोनों बेटों के साथ एक कमरे में सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी शाहिदा (32) अपनी बड़ी बेटी अदन (13) और छोटी बेटी माहिरा (11) के साथ किचन से सटे दूसरे कमरे में सो रही थीं. दोनों कमरों और किचन के बीच में हॉल और आंगन पड़ता है.
बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला
बुधवार रात करीब 12 बजे अचानक किचन से आग की लपटें उठीं और देखते ही देखते पास वाले कमरे तक जा पहुंचीं. आग इतनी तेजी से फैली कि गहरी नींद में सो रहीं मां और दोनों बेटियों को संभलने या बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिल सका.
आंखों के सामने बेबस दिखे पति और बेटे
आग की लपटों में घिरने के बाद कमरे से उठती चीख-पुकार सुनकर साजिद और उनके दोनों बेटों की नींद खुल गई. तीनों दौड़कर कमरे तक पहुंचे और आग बुझाकर उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी विकराल थीं कि वे कमरे के भीतर नहीं जा सके और उनकी आंखों के सामने ही तीनों की दर्दनाक मौत हो गई.
ये भी पढ़ें: Kanpur Dehat Bus Accident: नींद की एक झपकी ने लील ली 2 जिंदगियां, सालासर धाम से लौट रही बस ट्रक में घुसी, 22 घायल
सिलेंडर ब्लास्ट की जताई जा रही आशंका
घटना की सूचना डायल-112 के जरिए तुरंत बाबरी थाना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई. दमकल टीम के पहुंचने से पहले स्थानीय ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के आगे वे विफल रहे. बाद में मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. बाबरी थाने के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है.
प्रारंभिक जांच में ये बात सामने आ रही है कि शॉर्ट-सर्किट के बाद रसोई गैस सिलेंडर में ब्लास्ट होने से आग ने विकराल रूप धारण किया. हालांकि, पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.





