उत्तर प्रदेशभारत

बरेली में हथियार फैक्ट्री से खुला पाकिस्तानी नेटवर्क का कनेक्शन, शहजाद भट्टी के हैंडलर के संपर्क में थे आरोपी, दो के हाथ पर एक जैसा टैटू

बरेली में हथियार फैक्ट्री से खुला पाकिस्तानी नेटवर्क का कनेक्शन, शहजाद भट्टी के हैंडलर के संपर्क में थे आरोपी, दो के हाथ पर एक जैसा टैटू

शहजाद भट्टी के हैंडलर अजमल गुर्जर के संपर्क में थे चारों गिरफ्तार आरोपी

उत्तर प्रदेश के बरेली के बहेड़ी में अवैध हथियार फैक्ट्री पकड़े जाने के बाद अब इस मामले में एक बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि गिरफ्तार किए गए चार युवक सिर्फ हथियार बनाने और सप्लाई करने में शामिल थे या उन्हें किसी बड़ी साजिश के लिए तैयार किया जा रहा था. जांच में टारगेट किलिंग की साजिश का अंदेशा भी सामने आया है.

पुलिस को गिरफ्तार आरोपियों में से दो के हाथ पर एक जैसे टैटू मिले हैं. दोनों के हाथ पर अंग्रेजी में ‘ट्रस्ट नो वन’ लिखा है. इसका मतलब है कि किसी पर भरोसा मत करो. अब पुलिस इस टैटू के पीछे की वजह और आरोपियों के आपसी संबंधों की भी पड़ताल कर रही है.

दरअसल, बहेड़ी पुलिस और एसओजी ने अवैध हथियार फैक्ट्री पर कार्रवाई कर चार युवकों को गिरफ्तार किया था. पूछताछ में इनके तार पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के हैंडलर अजमल गुर्जर से जुड़े होने की जानकारी सामने आई. चारों आरोपियों को जेल भेजने के बाद पुलिस अब इनके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और बातचीत के रिकॉर्ड खंगाल रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर इन युवकों को अपने नेटवर्क में शामिल करने के पीछे क्या मकसद था.

टारगेट किलिंग की आशंका

जांच में सामने आया है कि बहेड़ी के सुखराज का सोशल मीडिया के जरिये अजमल गुर्जर से संपर्क हुआ था. दोनों के बीच बातचीत भी हुई थी. सुखराज ने बातचीत के दौरान एक लाइव वीडियो की स्क्रीन रिकॉर्डिंग की थी, जो पुलिस को मिल गई है. हालांकि, दोनों के बीच हुई कई अन्य चैट और वीडियो डिलीट किए जाने की बात भी सामने आई है.

पुलिस अब तकनीकी मदद से डिलीट डेटा को रिकवर कराने की कोशिश कर रही है. वहीं, जांच एजेंसियों को शक है कि पंजाब बॉर्डर पर ड्रोन के जरिये हथियार पहुंचाकर इन युवकों तक उनकी सप्लाई की जा रही थी. इसके बाद इन हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात या टारगेट किलिंग के लिए किया जाना था.

हालांकि, अभी तक किसी खास व्यक्ति को निशाना बनाने की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बरेली, रामपुर और पीलीभीत के युवकों को इस नेटवर्क से जोड़ने के पीछे कौन था.

दो के हाथ पर एक जैसा टैटू

इस मामले में पुलिस की नजर सुखराज और पीलीभीत के जसनूर के हाथ पर बने एक जैसे टैटू पर भी है. दोनों के हाथ पर अंग्रेजी में ‘ट्रस्ट नो वन’ लिखा हुआ है. पूछताछ के दौरान दोनों ने टैटू बनवाने की कोई खास वजह नहीं बताई. उनका कहना था कि उन्होंने सामान्य तौर पर इसे बनवा लिया था. हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां इसे सामान्य बात मानकर नजरअंदाज नहीं कर रही हैं.

यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दोनों ने एक जैसा टैटू कब और कहां बनवाया था और क्या इसके पीछे किसी संगठन या समूह से जुड़ाव है. पुलिस के मुताबिक, शहजाद भट्टी पाकिस्तान में अपना एसबीए नाम का आतंकी संगठन चलाता है. गृह मंत्रालय इस संगठन को गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत प्रतिबंधित कर चुका है.

आरोप है कि यह नेटवर्क टारगेट किलिंग, हथियारों और विस्फोटक सामग्री की तस्करी तथा स्लीपर सेल तैयार करने जैसे कामों में शामिल है. युवाओं को सोशल मीडिया के जरिये रुपये, विदेश में नौकरी और आधुनिक हथियार देने का लालच देकर अपने नेटवर्क से जोड़ने की बात भी जांच में सामने आई है.

फरार आरोपियों पर इनाम

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया है. सर्विलांस टीम को आरोपियों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और पाकिस्तानी कनेक्शन की जांच की जिम्मेदारी दी गई है. सोमवार को एसएसपी बहेड़ी थाने पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. उन्होंने बताया कि सुखराज उर्फ सुख्खा समेत चारों आरोपियों के संपर्क और नेटवर्क की गहनता से जांच की जा रही है.

पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से भागे दो आरोपियों गुरसेवक और अनस की तलाश की जा रही है. दोनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है. पुलिस को शक है कि इस नेटवर्क में कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं. उनकी पहचान करने के लिए टीमें लगाई गई हैं.

पिछले 10 साल में बसे लोगों का सत्यापन

जांच के दौरान पचपेड़ा गांव का नाम भी सामने आया है. एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एक युवक इसी गांव का रहने वाला है. इसके बाद पुलिस ने गांव में पिछले 10 साल के दौरान आकर बसे लोगों का सत्यापन कराने का फैसला किया है. पुलिस उनके आधार कार्ड, मूल निवास और वर्तमान गतिविधियों की जानकारी जुटाएगी. जिन लोगों ने गांव में आकर आधार कार्ड बनवाए हैं, उनका पुराना रिकॉर्ड और पृष्ठभूमि भी खंगाली जाएगी. इसके लिए एलआईयू और स्थानीय पुलिस को निर्देश दिए गए हैं.

अब पुलिस की जांच का मुख्य मकसद यह पता लगाना है कि अवैध हथियार फैक्ट्री के पीछे सिर्फ हथियारों का कारोबार था या इसके जरिए किसी बड़ी आतंकी साजिश को अंजाम देने की तैयारी की जा रही थी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

मनवीर सिंह

मनवीर सिंह

मैं मनवीर सिंह 6 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं. 5 साल से टीवी9 भारतवर्ष न्यूज चैनल में सेवा दे रहा हूं. इससे पहले आजतक न्यूज चैनल के लिए भी काम किया है. क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरें पसंद हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button