यूपी में वोटर लिस्ट की होगी सघन जांच, 17 से 20 नवंबर तक हर बूथ पर चलेगा विशेष अभियान


यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए निर्वाचन आयोग ने एक और बड़ा कदम उठाया है. विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर 17 से 20 नवंबर तक टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी. इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) और बीएलओ सुपरवाइजर मतदाता सूची की बारीकी से जांच करेंगे. इस अभियान का मकसद वोटर लिस्ट में मौजूद गलतियों, विसंगतियों और दोहरी प्रविष्टियों की पहचान कर उन्हें नियमानुसार दुरुस्त करना है.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने कहा है कि मतदाता सूची की जांच दो स्तरों पर कराई जाएगी. पहले स्तर पर प्रत्येक बीएलओ अपने आवंटित बूथ की पूरी मतदाता सूची का सत्यापन करेगा. दूसरे स्तर पर बीएलओ सुपरवाइजर अपने अधीन आने वाले सभी बूथों की सूचियों की समग्र जांच करेंगे.
नाम, उम्र और जेंडर की गलतियां होंगी चिह्नित
17 नवंबर को प्रत्येक बीएलओ को संबंधित बूथ की आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाएगी. जांच के दौरान मतदाताओं के नाम, पिता या पति के नाम, संबंधियों के विवरण और उम्र से जुड़ी गलतियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. असामान्य रूप से अधिक उम्र दर्ज होने वाले मतदाताओं को भी चिह्नित किया जाएगा.
इसके साथ ही मतदाता के नाम और फोटो के आधार पर जेंडर की सही प्रविष्टि की जांच होगी. मतदाता के संबंधी के जेंडर संबंधी विवरण का भी सत्यापन किया जाएगा. निर्वाचन आयोग ने स्थानीय और क्षेत्रीय भाषा की जांच के भी निर्देश दिए हैं, ताकि मतदाता सूची में अनावश्यक रूप से दूसरे राज्यों की भाषा का इस्तेमाल न हो.
डुप्लीकेट वोटर और धुंधली फोटो पर भी नजर
अभियान के दौरान एक ही मतदाता के नाम की एक से अधिक प्रविष्टियों और समान विवरण वाली दोहरी एंट्री की भी पहचान की जाएगी. इसके अलावा अस्पष्ट, धुंधली और खराब गुणवत्ता वाली फोटो को चिह्नित किया जाएगा. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जांच के दौरान मिलने वाली सभी त्रुटियों और विसंगतियों का रिकॉर्ड व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखा जाए, ताकि दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की निर्धारित अवधि में नियमानुसार संशोधन किया जा सके.
ERO-AERO करेंगे रोजाना मॉनिटरिंग
इस पूरे अभियान की निगरानी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) करेंगे. इन्हें प्रतिदिन समीक्षा करने और 17 से 20 नवंबर के बीच सभी बूथों पर जांच पूरी कराने की जिम्मेदारी दी गई है.





