उत्तर प्रदेशभारत

सपा नेता आजम खान की जमानत पर इलाहाबाद हाई कोर्ट में सुनवाई पूरी, मिलेगी राहत या रहेंगे जेल, आज होगा फैसला

सपा नेता आजम खान की जमानत पर इलाहाबाद हाई कोर्ट में सुनवाई पूरी, मिलेगी राहत या रहेंगे जेल, आज होगा फैसला

सपा नेता आजम खान Image Credit source: TV9

उत्तर प्रदेश की इलाहाबाद हाई कोर्ट में सोमवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी हुई. अब सभी की नजरें इस मामले पर टिकी हैं की आजम खान जेल में रहेंगे या उन्हें राहत मिलेगी, इसका फैसला अब मंगलवार यानी 17 नवंबर को आने की उम्मीद है. माना जा रहा है कि मंगलवार को आजम खान की जमानत पर फैसला आ सकता है.

वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने हाई कोर्ट में आजम खान की ओर से पक्ष रखा. सुनवाई के दौरान, उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई पर सवाल उठाए और इसे राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित बताया. कोर्ट की कार्यवाही लंच ब्रेक से पहले लगभग ढाई घंटे और उसके बाद करीब दो घंटे तक चली. इस दौरान, प्रवर्तन निदेशालय (ED) के वकीलों ने भी कोर्ट के सामने अपना पक्ष रखा.

ED दाखिल करेगी हलफनामा

यह सुनवाई जौहर ट्रस्ट मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जुड़ी आजम खान की एक याचिका के संबंध में हो रही है. इस बीच, ED की टीम मंगलवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एक हलफनामा दाखिल करने वाली है.

आजम को साजिश के तहत जेल में रखने की कोशिश

कपिल सिब्बल ने हाई कोर्ट में दलील दी कि जब भी आजम खान के रिहा होने या उनकी सजा पर रोक लगने की कोई संभावना बनती है, तो उनके खिलाफ एक नया मामला दर्ज कर दिया जाता है. उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि उन्हें जेल में ही रखने की एक सोची-समझी साजिश के तहत लगातार कोशिश की जा रही है. हो सकता है कि यह 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों तक चले.

“ED ने तो सारी हदें पार कर दी, चल क्या रहा है?”

आजम खान 80 साल की उम्र का जिक्र करते हुए सिब्बल ने सवाल उठाया कि क्या उन्हें अपनी बाकी की पूरी जिंदगी जेल में ही बितानी होगी, क्योंकि हर बार जब वे रिहाई के करीब पहुंचते हैं, तो उन पर एक नया केस दर्ज कर दिया जाता है. सुनवाई के दौरान, सिब्बल ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच और कार्रवाई पर भी तीखी टिप्पणी की. उन्होंने कहा, “ED ने तो सारी हदें पार कर दी हैं. अब तो बकरियों को भी ‘अपराध से हासिल संपत्ति’ बताया जा रहा है. आखिर यहां चल क्या रहा है?”

क्या है पूरा मामला?

आजम खान ने ED द्वारा अपनी गिरफ्तारी और उसके बाद मिली न्यायिक हिरासत को चुनौती दी है. 31 अक्टूबर को जेल से रिहा होने के कुछ ही समय बाद उन्हें ED ने गिरफ्तार कर लिया था. यह कार्रवाई जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े 426 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले के संबंध में की गई थी.

आजम की हिरासत को 26 नवंबर तक बढ़ाया

समाजवादी पार्टी के नेता अभी चार दिन की पुलिस हिरासत में हैं, ED की हिरासत की अवधि सोमवार को खत्म होने वाली थी, लेकिन गाजियाबाद की PMLA कोर्ट ने इसे 26 नवंबर तक बढ़ा दिया है. हाई कोर्ट यह तय करेगा कि आजम खान को अंतरिम राहत दी जाए या नहीं। इस मामले की सुनवाई जस्टिस राजीव गुप्ता और जस्टिस देवेंद्र सिंह-I की खंडपीठ कर रही है.

मनीष वर्मा

मनीष वर्मा

मनीष वर्मा 21 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वो IBN7, न्यूज़ एक्सप्रेस, नेशनल वॉयस, MH-1 न्यूज़ चैनल तथा न्यूज़-ट्रैक , इंडियन ओपिनियन में काम कर चुके हैं. मुख्य रूप से ‘बुंदेलखंड की भूख- अवार्डेड स्टोरी ऑफ IBN7’, चार महाकुम्भ/अर्धकुंभ (2001, 2007, 2013, 2019), महेश योगी समाधि का अंतराष्ट्रीय कार्यक्रम, कुख्यात डकैत ददुआ एनकाउंटर, कुख्यात डकैत ठोकिया द्वारा 7 जवानों की नृशंस हत्या की स्पेशल कवरेज कर चुके हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button