उत्तर प्रदेशभारत

अयोध्या हमारी हुई, अब मथुरा की बारी है… केशव प्रसाद मौर्य बोले- क्या अखिलेश कार सेवा करेंगे

अयोध्या हमारी हुई, अब मथुरा की बारी है… केशव प्रसाद मौर्य बोले- क्या अखिलेश कार सेवा करेंगे

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य Image Credit source: TV9

बीजेपी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी हैं. इसी बीच, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने एक बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा, “अयोध्या हमारी है; अब मथुरा की बारी है.” समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख को चुनौती देते हुए उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव सच में भगवान कृष्ण के भक्त हैं, तो उन्हें आगे आकर ‘कार सेवा’ में हिस्सा लेना चाहिए, उन्होंने यह भी कहा कि वे खुद भी उनके साथ शामिल होंगे.

डिप्टी सीएम मौर्य ने दावा किया कि बीजेपी यूपी में लगातार तीसरी बार भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी. उन्होंने आगे कहा कि एक समय राज्य में ‘माफिया’ राज और गुंडागर्दी का बोलबाला था, लेकिन अब यहाँ कानून का शासन है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यूपी में ही सबसे ज्यादा लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के ‘मुंगेरी लाल’ के ख्याली सपनों को एक बार फिर टूट जाएंगे. डिप्टी सीएम ने कहा, “हमारा नारा है: 100 प्रतिशत वोटों में से 60 प्रतिशत हमारे हैं, बाकी 40 प्रतिशत बंटने के लिए हैं, और उसमें से भी एक हिस्सा हमारा ही होगा.”

इस बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) उत्तर प्रदेश में सत्ता की हैट्रिक लगाने के मकसद से इस बार किसी भी तरह की चूक या जोखिम से बचना चाहती है. यही वजह है कि बीजेपी ने चुनाव से पहले ही हर वर्ग को साधने की पुरजोर कोशिश शुरू कर दी गई है. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों की तैयारियों के तहत बीजेपी ने अपने पारंपरिक वोट बैंक को फिर से एकजुट करने की कवायद भी तेज कर दी है.

यूपी में बीजेपी की चुनावी तैयारी को धार देने के लिए बीजेपी ने मथुरा में योजना बैठक की. दो दिवसीय इस बैठक के पहले दिन बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता, पन्ना प्रमुखों की भूमिका, शक्ति केंद्रों की स्थिति और चुनाव से पहले बूथ स्तर तक के मतदाताओं से सीधा संवाद और संपर्क पर चर्चा हुई. साथ ही नए वोटर, युवाओं, महिलाओं और अलग अलग सामाजिक वर्गों तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई. बैठक में समाजवादी पार्टी समेत विपक्ष के नैरेटीव को ध्वस्त करने को लेकर भी चर्चा हुई.

कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने जैसे मुद्दों भी चर्चा

बैठक मे संगठन और सरकार के बीच तालमेल, प्रदेश में बदलते जातीय और सामाजिक समीकरण, सहयोगी दलों के साथ समन्वय और कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने जैसे मुद्दों भी चर्चा में रहे. केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क, सरकार की उपलब्धियों का प्रचार -प्रसार पर भी मंथन हुआ.

पार्टी राज्य की प्रमुख जातियों के बीच पनपे असंतोष को खत्म करने के लिए भी काम कर रही है. इसके लिए इन जातियों के बीच छोटी छोटी बंद कमरे में बैठकों में तेजी लाने पर काम कर रही है. इन बैठकों की कमान संबंधित समाज से आने वाले पार्टी के कद्दावर नेताओं को दी गई है.

ब्राह्मण, राजपूत, जाट और गुर्जरों को साधने पर जोर

दरअसल उत्तर प्रदेश की सियासत में ब्राह्मण, राजपूत, जाट और गुर्जर जैसी प्रभावशाली जातियां लंबे समय से बीजेपी की ताकत रही हैं. पिछले चार बड़े चुनावों में पार्टी की ऐतिहासिक जीत में इन वर्गों के एकमुश्त समर्थन की बड़ी भूमिका थी. हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनावों में प्रदेश के भीतर पार्टी का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, जिसके पीछे इन पारंपरिक मतदाताओं की बेरुखी को एक बड़ी वजह माना गया. मसलन यूपी के ब्राह्मण समाज में यूजीसी के दिशा-निर्देशों और शासन-प्रशासन में कथित उपेक्षा को लेकर नाराजगी की बातें सामने आ रही हैं. दूसरी तरफ, सत्ता में पर्याप्त हिस्सेदारी न मिलने से जाट और गुर्जर बिरादरी के बीच भी असंतोष देखा जा रहा है.

बंद कमरे में समाज प्रभावशाली लोगों से सीधा संवाद

ऐसे में बंद कमरे में होने वाली इन बैठकों का मकसद समाज के प्रभावशाली लोगों के साथ सीधा और पारदर्शी संवाद स्थापित करना है. इस दौरान प्रतिभागियों से फोन बाहर रख कर बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं और सुझाव रखने को कहा जाता है, ताकि उन्हें शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाया जा सके. इसी फीडबैक के आधार पर पार्टी अपने आगामी चुनावी घोषणापत्र और टिकट वितरण की रूपरेखा भी तय करेगी. इस संवाद में मोबाइल फोन ले जाने पर पाबंदी रहती है ताकि खुलकर शिकायत रखी जा सके और बातचीत पूरी तरह गोपनीय रहे.

बीजेपी और संघ के नेताओं के बीच भी होगी बैठक

मथुरा की यूपी बीजेपी की योजना बैठक में एक सत्र बीजेपी और संघ के नेताओं के बीच भी होगा. आरएसएस किस तरह से यूपी चुनाव में सहयोग करेगा, उसकी भूमिका क्या रहेगी.. उसको लेकर चर्चा होगी. हर चुनाव की तरह दूसरे राज्यों के संगठन मंत्रियों को यूपी चुनाव में पार्टी लगाएगी. इस बैठक में उनको कार्यक्षेत्र के बारे में जानकारी दी जाएगी.

पार्टी ने इस योजना बैठक के लिए मथुरा का चयन करके ये राजनीतिक संदेश भी देने की कोशिश कि है कि अयोध्या और काशी के बाद मथुरा और भगवान श्रीकृष्ण भी उसके राजनीतिक और सांस्कृतिक एजेंडे का अहम हिस्सा हैं.

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन बैठक को करेंगे संबोधित

बैठक में योगी आदित्यनाथ, पंकज चौधरी, बीएल संतोष, विनोद तावड़े, केशव मौर्य, ब्रजेश पाठक, स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी, धर्मपाल समेत 50 से ज्यादा पदाधिकारी शामिल थे. सभी पदाधिकारी रात में यही रूकेंगें और सत्र के अलावा अनौपचारिक बैठकें भी करेंगे. मंगलवार को भी ये बैठक जारी रहेगी. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन मंगलवार को बैठक को संबोधित करेंगे.

आनंद प्रकाश पांडेय

आनंद प्रकाश पांडेय

दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई के बाद 2005 में टीवी पत्रकारिता में कदम रखा. वो सफर अब टीवी9 भारतवर्ष तक पहुंच गया है. राजनीतिक लोगों और राजनीतिक खबरों में रूचि है. भले ही पद एडिटर, नेशनल अफेयर्स का है पर अभी भी खुद को नौसिखिया ही मानता हूं और इसलिए सीखने का क्रम अनवरत जारी है…

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button