उत्तर प्रदेशभारत

‘योगी की पाती’ में CM ने सुनाई वनटांगिया और मुसहर समाज के संघर्ष की कहानी

‘योगी की पाती’ में CM ने सुनाई वनटांगिया और मुसहर समाज के संघर्ष की कहानी

सीएम योगी आदित्यनाथ (File)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योगी की पाती कार्यक्रम के जरिए अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि लंबे समय तक शासकीय और सार्वजनिक जीवन में रहने के दौरान उन्हें ऐसे कई मुद्दे देखने को मिले, जिनके बारे में आम लोगों को जानकारी नहीं थी. इनमें वनटांगिया और मुसहर समाज के लोगों का संघर्ष भी शामिल है. सीएम योगी ने वनटांगिया समुदाय के इतिहास, उनके अधिकारों और मुसहर समाज के लोगों के लिए अपनी ओर से लड़ी गई लड़ाई का जिक्र किया.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया कि करीब 120 वर्ष पहले ब्रिटिश हुकूमत ने रेलवे लाइन बिछाने के लिए जंगलों की कटाई कराई थी. इसके बाद उन इलाकों में दोबारा वन लगाने और उनकी रक्षा करने की जिम्मेदारी कुछ लोगों को दी गई. इसके बदले उन्हें कुछ जमीन देने की व्यवस्था थी, जिससे वे अपना भरण-पोषण कर सकें. ये लोग वनटांगिया समुदाय से जुड़े थे. सीएम योगी के मुताबिक, समय के साथ इन लोगों की उपेक्षा होने लगी और वे अपने अधिकारों से वंचित होते चले गए. उन्होंने कहा कि बहुत से लोगों ने शायद वनटांगिया समुदाय का नाम पहली बार सुना होगा, जबकि ये लोग समाज का ही हिस्सा थे.

मनमोहन सिंह से मिलकर वन अधिनियम में संशोधन की उठाई थी मांग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि वनटांगिया समुदाय के अधिकारों को लेकर उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात की थी. इस दौरान उन्होंने वन अधिनियम में संशोधन की मांग रखी. योगी के मुताबिक, उस समय के वन मंत्री ने उनसे सवाल किया था कि इसकी क्या गारंटी है कि ये लोग इतने पुराने समय से वहां रह रहे हैं. उन्होंने बताया कि इसके बाद वन अधिनियम में संशोधन हुआ और इसे लागू करने की जिम्मेदारी राज्य सरकारों की थी.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि 2007 में केंद्र सरकार से संशोधन कराने के बावजूद यह व्यवस्था 2017 तक लागू नहीं हो सकी थी. सीएम योगी ने कहा कि 2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने सबसे पहले इस दिशा में काम किया. उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले जब वह गोरखपुर में प्रशासन से इस मुद्दे पर बात करते थे, तब अधिकारी उनसे बहस तक करते थे.

कुशीनगर में मुसहर समाज के लोगों की मौत के बाद शुरू किया था आंदोलन

योगी की पाती कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुसहर समाज के संघर्ष का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री रहते हुए कुशीनगर में मुसहर जाति के करीब एक दर्जन लोगों की मौत हुई थी. उस समय प्रदेश में एक तरफ खाद्यान्न घोटाले का मामला सामने आ रहा था, तो दूसरी तरफ मुसहर समाज के लोग भूख से मर रहे थे. सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को लेकर कुशीनगर में आंदोलन खड़ा किया था. इसके बाद तत्कालीन राज्यपाल से मिलने के लिए समय मांगा और अपनी शिकायत लेकर राजभवन पहुंचे.

ट्रेन से गोरखपुर से लखनऊ पहुंचे थे योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उस दौर का एक अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह सांसद थे और गोरखपुर से ट्रेन के जरिए राज्यपाल से मिलने आ रहे थे… राजभवन से उन्हें लगातार फोन किए जा रहे थे. योगी के मुताबिक, राज्यपाल को विश्वास नहीं हो रहा था कि वह वास्तव में मिलने आएंगे. उन्होंने बताया कि राजभवन की ओर से उनसे पूछा गया कि क्या वह सच में मिलने पहुंचेंगे. बाद में राज्यपाल ने उनसे कहा कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा था कि योगी आदित्यनाथ मिलने आएंगे. सीएम योगी ने कहा कि उन्होंने मुसहर समाज के लोगों के अधिकारों के लिए यह लड़ाई लड़ी. उनके मुताबिक, आज मुसहर जाति को पूरी तरह से सैचुरेट किया जा चुका है.

अनछुए मुद्दों को आम लोगों तक पहुंचाने की कोशिश

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनका सार्वजनिक जीवन करीब 28-29 वर्ष का हो चुका है. इस दौरान उन्होंने महसूस किया कि समाज में ऐसे कई मुद्दे और पहलू हैं, जिनकी जानकारी आम लोगों को नहीं होती. उन्होंने कहा कि शासकीय व्यस्तताओं के बीच भी वह यह सोचते रहे कि ऐसे अनछुए विषयों को लेकर सामान्य नागरिकों के साथ संवाद कैसे आगे बढ़ाया जाए. योगी की पाती के जरिए मुख्यमंत्री ने वनटांगिया और मुसहर समाज से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए उन मुद्दों और संघर्षों को सामने रखा, जिनके बारे में आम तौर पर सार्वजनिक चर्चा कम होती है.

सफी अहमद

सफी अहमद

सफी अहमद, राजधानी लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकार हैं और करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. पत्रकारिता उनके लिए सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि एक जुनून है. इसी जुनून को जमीन पर उतारते हुए उन्होंने लखनऊ की जमीनी हकीकत से लेकर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों तक की खबरों को करीब से कवर किया है. सफी अहमद की खास पकड़ क्राइम रिपोर्टिंग पर रही है. अपराध की खबरों की तह तक जाना, घटनाओं के पीछे की कहानी सामने लाना और सबसे पहले सटीक जानकारी पाठकों और दर्शकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख पहचान रही है.

कई बड़ी और चर्चित घटनाओं की कवरेज में सफी अहमद की सक्रिय भूमिका रही है. 2020 के कानपुर बिकरू कांड, 2022 के अलाया होटल अग्निकांड और 2026 के अलीगंज अग्निकांड जैसी घटनाओं पर उन्होंने लगातार नजर बनाए रखी और घटनाक्रम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सबसे पहले साझा करने का प्रयास किया. ऐसी घटनाओं में 24 घंटे लगातार अपडेट रहने और खबर की तह तक पहुंचने का उनका अनुभव उनकी पत्रकारिता की महत्वपूर्ण ताकत है.

सफी अहमद ने पत्रकारिता की शुरुआत एक साप्ताहिक पत्रिका और न्यूज पोर्टल के साथ की. इसके बाद उन्हें PPN न्यूज़, APN न्यूज़ और K न्यूज़ जैसे संस्थानों में काम करने का अवसर मिला. विभिन्न संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने रिपोर्टिंग के अलग-अलग आयामों को करीब से समझा और अपनी पत्रकारिता को लगातार मजबूत किया. करीब चार वर्षों के अनुभव के बाद उन्हें TV9 भारतवर्ष के साथ काम करने का अवसर मिला. पिछले 6 वर्षों से TV9 भारतवर्ष के साथ जुड़े हुए सफी अहमद लखनऊ से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और निष्ठा के साथ खबरों को जमीन से उठाकर दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button