उत्तर प्रदेशभारत

23 दिन से बेटे की राह देख रही मां की आंखें पथराईं, पिता तस्वीर लेकर शहर-शहर भटक रहा… आखिर कहां है 11 साल का वीर?

23 दिन से बेटे की राह देख रही मां की आंखें पथराईं, पिता तस्वीर लेकर शहर-शहर भटक रहा… आखिर कहां है 11 साल का वीर?

23 दिन से लापता है वीर.

Lalitpur/Bhopal News: एक पिता के लिए इससे बड़ी बेबसी और क्या होगी कि उसका 11 साल का बेटा अचानक आंखों के सामने से गायब हो जाए… और 23 दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग न मिले. घर में मां की आंखें दरवाजे पर टिकी हैं, हर आहट पर उसे लगता है कि शायद उसका बेटा लौट आया. वहीं, पिता बेटे की तस्वीर सीने से लगाए अनजान शहरों की गलियों में उसे तलाश रहा है. वह कभी किसी मंदिर की सीढ़ियों पर रात गुजारता है तो कभी भूखे पेट ही अगले शहर की ओर निकल पड़ता है. यह दर्दभरी कहानी उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के नाराहट गांव के रहने वाले मनोज पटेल और उनके 11 साल के बेटे वीर की है.

20 अक्टूबर की सुबह मनोज पटेल के घर में सब कुछ सामान्य था. मनोज चूल्हे पर चाय बना रहे थे और उनकी पत्नी कपड़े धो रही थीं. पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाला 11 साल का वीर घर के बाहर कुर्सी पर बैठा था. पिता ने चाय पीने के लिए बेटे को आवाज लगाई, लेकिन वीर वहां नहीं था. परिवार को लगा कि वह आसपास कहीं खेल रहा होगा, लेकिन घर, मोहल्ले और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला. बस, उसी दिन से इस परिवार की खुशियां जैसे कहीं खो गईं.

मनोज पटेल ई-रिक्शा चलाकर और मूर्तियां बनाकर परिवार का पेट पालते हैं. बेटे को खोजने के लिए उन्होंने अपनी जमा पूंजी तक लगा दी. करीब 55 हजार रुपये खर्च कर 1600 पर्चे छपवाए. पहले बाइक और ऑटो से तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पिता खुद पैदल ही बेटे की तलाश में निकल पड़े. हाथ में वीर की तस्वीर और लोगों से मदद की गुहार लगाने वाले पर्चे लेकर वह हर किसी से एक ही सवाल पूछते हैं- क्या आपने मेरे बेटे को कहीं देखा है.

मंदिर की सीढ़ियों पर रातें और कई शहरों की खाक

वीर की तलाश में मनोज ललितपुर से छतरपुर, बीना, दतिया, ओरछा, सागर, झांसी और टीकमगढ़ होते हुए भोपाल पहुंच गए. इस सफर में कई रातें मंदिरों की सीढ़ियों पर गुजारीं. कभी प्रसाद खाकर पेट भरा तो कभी किसी अनजान शख्स ने मदद कर दी. जिस पिता को बेटे का हाथ पकड़कर घर लौटना था, आज वही पिता उसकी एक झलक पाने के लिए दर-दर भटक रहा है.

ये भी पढ़ें: गजब सिस्टम! 6 महीने पहले हो चुकी मौत, फिर भी लगाई ड्यूटी काम पर न आने पर मृत सफाईकर्मी को थमाया नोटिस

भोपाल में पुलिस अधिकारी से लगाई मदद की गुहार

भोपाल में मनोज पटेल की मुलाकात एसीपी संतोष पटेल से हुई. उन्होंने बेटे की तस्वीर और गुमशुदगी की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की उम्मीद जताई है. मनोज चाहते हैं कि वीर की तस्वीर सोशल मीडिया पर देशभर में साझा हो, ताकि कहीं से भी कोई सुराग मिल सके.

मां की पथराई आंखें और चमत्कार की आस

उधर, गांव में मां की आंखें आज भी बेटे की राह देख रही हैं. न जाने कितनी बार दरवाजे की तरफ देखकर वह सोचती होगी कि अभी वीर दौड़ता हुआ आएगा और ‘मां’ कहकर गले लग जाएगा. पिता की बस एक ही गुहार है कि कोई उसके कलेजे के टुकड़े को खोजने में मदद कर दे. 23 दिन से वीर की राह देख रहे इस परिवार को अब किसी चमत्कार का इंतजार है.

शिव चौबे

शिव चौबे

शिव चौबे को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एक दशक का अनुभव है. शिव ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से संस्कृत विषय में शिक्षा प्राप्त की, जिसके बाद उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक अखबार से की.

इसके बाद वर्ष 2019 में वे ETV भारत से बतौर संवाददाता जुड़े, जहां ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट और शिक्षा से जुड़ी उनकी कई महत्वपूर्ण रिपोर्टों ने राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा बटोरी. वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने जान जोखिम में डालकर जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की और व्यवस्थाओं की कमियों को उजागर किया. उनकी रिपोर्ट्स के बाद जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार को कई महत्वपूर्ण निर्णय लेने पड़े.

वर्ष 2021 में शिव चौबे ने TV9 भारतवर्ष में जिला रिपोर्टर के रूप में नई भूमिका की शुरुआत की. इसके बाद वर्ष 2023 में वे PTI (Press Trust of India) से जुड़े. यहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण खोजी रिपोर्टें कीं, जिनमें सिवनी जिले का चर्चित सर्पदंश घोटाला, नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय से जुड़ा गोबर घोटाला तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई घोटाले शामिल है.

इसके अलावा उन्होंने CAA के दौरान लगे कर्फ्यू, बरगी क्रूज हादसे और अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं की जमीनी रिपोर्टिंग कर अपनी अलग पहचान बनाई. निष्पक्ष, जनसरोकारों से जुड़ी और खोजी पत्रकारिता के लिए शिव चौबे को विशेष रूप से जाना जाता है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button