बेकाबू कार ने टेसू-झांझी विसर्जन यात्रा में शामिल लोगों को रौंदा, चार की मौत


फिरोजाबाद में सड़क हादसा.
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में रविवार रात टेशू-झांझी का पूजन करने के बाद विसर्जन के लिए जा रहे लोगों के एक समूह को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया. पुलिस ने बताया कि हादसे में तीन युवतियों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस के मुताबिक, हादसा नसीरपुर थाना क्षेत्र में शिकोहाबाद-बटेश्वर मार्ग पर छतनपुरा गांव के पास रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ.
पुलिस ने बताया कि कुछ लोग टेशू-झांझी का पूजन करने के बाद सड़क पर विसर्जन के लिए जा रहे थे, कि तभी तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उन्हें कुचल दिया. सिरसागंज की पुलिस क्षेत्राधिकारी चंचल त्यागी ने बताया कि हादसे में तीन युवतियों समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए.
हादसे में कार सवार लोगों को भी आई चोटें
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अंजलि (15), आकांक्षा (15), हरीश कुमार (25) और बबली (17) के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया गया और हादसे में कार में सवार लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं. पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया.
हादसे के बाद मामले की जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ग्रामीण खुशी-खुशी विसर्जन के लिए जा रहे थे, तभी सामने से आ रही अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
बताया जा रहा है कि नसीरपुर के गांव छटनपुर में ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से टेसू और झांसी का विवाह किया था. रविवार रात महिला-पुरुष और बच्चे टेसू-झांझी को गांव के बाहर स्थित बरी के पेड़ के पास विसर्जन करने जा रहे थे. इस बीच लखनऊ एक्सप्रेसवे से उतरी दिल्ली नंबर की बीजा कार ने शिकोहाबाद की ओर जाते समय सड़क किनारे चल रहे ग्रामीणों को रौंद दिया.





