श्रद्धा दुबे का नया Video आया सामने, नेपाल में रिक्शे पर घूमती दिखी; साथ में थी बहन और दोस्त


नेपाल में श्रद्धा दुबे का CCTV फुटेज आया सामने.
Lucknow Shiva Sharma Death Case: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में फरार मॉडल श्रद्धा दुबे को लेकर नया अपडेट सामने आया है. नेपाल बॉर्डर पार करने के बाद श्रद्धा का एक नया वीडियो सामने आया है. इसमें वह नेपाल की सीमा के अंदर रिक्शा पर बैठी नजर आ रही है. वीडियो में उसके साथ उसकी बहन रश्मि और दो अन्य लोग भी दिखाई दे रहे हैं. इनमें से एक श्रद्धा का ड्राइवर बताया जा रहा है. यह वीडियो 10 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे का है. शिवा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस श्रद्धा और उसके साथियों की तलाश कर रही है. जांच एजेंसियां नेपाल में उनकी गतिविधियों और संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी हैं.
जानकारी के मुताबिक, नेपाल के महीम नगर बस स्टेशन के दो CCTV फुटेज सामने आए हैं. इनमें श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दिखाई दे रहा है. एक फुटेज में तीनों सड़क पार करते नजर आते हैं, जबकि दूसरे में वह रिक्शा से जाते दिखाई दे रहे हैं. इस वीडियो में एक अन्य युवक भी उनके साथ है. नए वीडियो से पुलिस को श्रद्धा और उसके साथियों की गतिविधियों की कड़ियां जोड़ने में मदद मिल सकती है.
ये भी पढे़ं- 15-20 लाख का कर्ज था, सुसाइड की बात करता था शिवा, क्या बोली श्रद्धा दुबे? कहा- मैं भी जान दे दूंगी
स्कॉर्पियो छोड़कर नेपाल भाग गई श्रद्धा
जांच से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, पुलिस श्रद्धा की तलाश में लखनऊ के अलावा सीतापुर और लखीमपुर सहित कई जगहों पर पहुंची थी, लेकिन तब तक श्रद्धा और उसके साथी वहां से निकल चुके थे. बताया जा रहा कि वे बहराइच के रुपईडीहा पहुंचे और वहां अपनी स्कॉर्पियो कार छोड़कर नेपाल की सीमा पार कर गए. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नेपाल पहुंचने के बाद श्रद्धा और उसके साथी किन-किन जगहों पर गए. उनके संभावित ठिकानों और आने-जाने के रास्तों की भी जांच की जा रही है.
चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी शिवा की मौत
करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की मौत 9 अक्टूबर को लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट में हुई थी. बताया गया कि वह अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से नीचे गिर गया था. इस मामले में श्रद्धा दुबे की भूमिका को लेकर जांच चल रही है. वह फिलहाल फरार है. पुलिस मामले से जुड़े सबूतों और घटनाक्रम की जांच कर रही है.
ये भी पढे़ं- श्रद्धा दुबे के सवाल, शिवा शर्मा के जवाब 3 चेन और ब्रेसलेट की चोरी पर क्या बोला कारोबारी? Video
वीडियो जारी कर श्रद्धा ने कही ये बात
नेपाल में मौजूदगी की खबरों के बीच श्रद्धा दुबे की ओर से सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया गया. बताया जा रहा कि उसने बुधवार रात दो और गुरुवार को एक वीडियो जारी किया. इनमें उसने कहा कि वह भागी नहीं है और शिवा ने आत्महत्या की है. उसने मामले में अपना पक्ष रखने की बात भी कही है. फिलहाल पुलिस श्रद्धा और उसके साथियों की तलाश में जुटी है. जांच का मुख्य फोकस उनकी लोकेशन का पता लगाने, नेपाल में उनकी गतिविधियों की पुष्टि करने और शिवा शर्मा की मौत से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट करने पर है.





