उत्तर प्रदेशभारत

‘पापा! पैसे दो मुझे शराब पीनी है…’, बुजुर्ग पिता ने किया इनकार, बेटे ने पीट-पीटकर मार डाला

‘पापा! पैसे दो मुझे शराब पीनी है…’, बुजुर्ग पिता ने किया इनकार, बेटे ने पीट-पीटकर मार डाला

पिता की हत्या के बाद से बेटा फरार.

Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से बाप-बेटे के पवित्र रिश्ते को तार-तार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां शराब पीने के लिए पैसे न देने पर एक कलयुगी बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर डाली. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस भिजवा दिया है और आरोपी बेटे की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.

ये खौफनाक मामला देवरिया जिले के सुरौली थाना क्षेत्र स्थित बहोरवा गांव का है. गांव के रहने वाले वृद्ध रामअवतार राय (पुत्र स्वर्गीय हरिद्वार राय) से उनके बेटे सुनील उर्फ सत्तू राय ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे. बोला- पापा! मुझे शराब पीनी है, पैसे दो. जब पिता रामअवतार राय ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी बेटा सुनील आपे से बाहर हो गया और गाली-गलौज करते हुए कहासुनी करने लगा. देखते ही देखते गुस्से में आकर उसने लकड़ी के मुगड़े/डंडे से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

सिर पर गहरा वार लगते ही रामअवतार राय खून से लथपथ होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े. परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने आनन-फानन में एंबुलेंस बुलाकर उन्हें इलाज के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.

शराब का आदी था आरोपी, आए दिन घर में करता था मारपीट

गांव के लोगों के अनुसार, आरोपी सुनील उर्फ सत्तू शराब पीने का बेहद आदी था. वह अक्सर शराब के पैसों को लेकर घर में परिजनों के साथ गाली-गलौज और मारपीट किया करता था. परिवार वाले उसे शराब छोड़ने के लिए बार-बार समझाते थे, लेकिन वह किसी की बात नहीं सुनता था. ग्रामीणों ने इस जघन्य अपराध पर गहरा आक्रोश जताते हुए आरोपी बेटे को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है.

सीओ बरहज रंजना सचान का आधिकारिक बयान

मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) बरहज रंजना सचान ने बताया- सुरौली थाना क्षेत्र के बहोरवा गांव से सूचना मिली थी कि सुनील उर्फ सत्तू ने अपने पिता रामअवतार राय से शराब के लिए पैसे माँगे थे. इनकार करने पर उसने लकड़ी के मुगड़े से पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. शव को मोर्चरी हाउस रखवा दिया गया है और तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.

चंद्रप्रकाश शाही

चंद्रप्रकाश शाही

चंद्रप्रकाश शाही को पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है. इन्होंने नेशनल न्यूज़ चैनल रिपब्लिक, एपीएन न्यूज़ में भी काम किया है. चंद्रप्रकाश शाही पॉलिटिकल खबरों के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय खबरों में भी दिलचस्पी रखते हैं. इन्होंने पोस्ट ग्रेजुएशन के अलावा एलएलबी और कंप्यूटर में तमाम प्रकार की टेक्निकल डिग्री भी हासिल की हैं. वर्तमान में ये टीवी9 भारतवर्ष के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button