PM मोदी का नया Insta वीडियो, इस बार दिया स्वदेशी का संदेश

पीएम मोदी का वीडियो मैसेज.
पीएम मोदी ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस (7 अगस्त) की पूर्व संध्या पर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खास वीडियो जारी किया है. इसमें उन्होंने स्वदेशी का संदेश दिया है. पीएम ने देश के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और स्वदेशी आंदोलन की नींव की याद दिलाते हुए पारंपरिक बुनकर समुदाय को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की अपील की है.
प्रधानमंत्री ने वीडियो मैसेज की शुरुआत इतिहास के अहम अध्याय को याद दिलाते हुए की. उन्होंने कहा, साथियों, 7 अगस्त 1905 हमें भूलना नहीं है. 7 अगस्त 1905 को देश की आजादी के लिए स्वदेशी आंदोलन का आगाज हुआ था. आत्मनिर्भर भारत की नींव डाली गई थी. अंग्रेजों के खिलाफ देशवासियों ने बहुत बड़ी लड़ाई लड़ी थी. जन-जन जुड़ गया था.
हैंडलूम डे पर कुछ न कुछ जरूर खरीदें
इसी वीडियो में उन्होंने आगे कहा, अभी पिछले सप्ताह आप सभी ने फ्रेंडशिप डे मनाया, मैं आग्रह करता हूं कि 7 अगस्त को हमें उसी उत्साह के साथ हैंडलूम डे मनाना है. हैंडलूम डे मनाने का मतलब है कि हर गरीब परिवार और बुनकर परिवार जो घरे में कपड़े बनाता है, उसका उत्साह बढ़ाएं. आइए हम छोटे-छोटे परिवारों का सशक्त बनाएं. हैंडलूम डे पर कुछ न कुछ जरूर खरीदें.





