उत्तर प्रदेशभारत

बरेली में व्यापारी की बीच सड़क चाकू से वारकर हत्या, कातिल बोला- जिन्न कहता था मार डालो; पहले भी एक मर्डर करने का दावा

बरेली में व्यापारी की बीच सड़क चाकू से वारकर हत्या, कातिल बोला- जिन्न कहता था मार डालो; पहले भी एक मर्डर करने का दावा

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

Bareilly Crime News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के धौराटांडा में किराना व्यापारी सियाराम श्रीवास्तव की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में 19 वर्षीय मोहम्मद अरमान और उसके पिता इम्तियाज अहमद को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि आरोपी ने नशे के लिए रुपये लूटने की नीयत से वारदात को अंजाम दिया था. पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया कि उसे कानों में एक महिला जिन्न की आवाज सुनाई देती थी, जो उसे किसी की हत्या करने के लिए उकसाती थी.

पुलिस के अनुसार 24 जुलाई की सुबह धौराटांडा निवासी और किराना व्यापारी सियाराम श्रीवास्तव रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे. इसी दौरान आरोपी मोहम्मद अरमान अपनी सफेद वैन लेकर वहां पहुंचा. उसने पहले जानबूझकर सियाराम को वैन से टक्कर मारी. जब वह सड़क पर गिर गए तो आरोपी ने चाकू से उन पर लगातार कई वार किए. पुलिस के मुताबिक शरीर पर करीब 17 वार किए गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. इसके बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन और करीब 1,200 रुपये लेकर फरार हो गया.

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से खुली पूरी साजिश

शुरुआत में इस हत्या को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही थीं. कुछ लोगों ने संपत्ति विवाद का भी शक जताया था, लेकिन पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर मामले की परतें खोलनी शुरू कीं. जांच में एक संदिग्ध सफेद वैन दिखाई दी, जिसके बाद पुलिस की जांच मोहम्मद अरमान तक पहुंच गई.

पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली. उसने बताया कि वह लंबे समय से नशे का आदी है और नशे के लिए पैसों की जरूरत थी. इसी वजह से उसने राह चलते सियाराम श्रीवास्तव को निशाना बनाया. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने वारदात पूरी तरह लूट की नीयत से की थी.

पिता ने भी दिया साथ, हत्या के सबूत छिपाए

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के बाद अरमान ने अपने पिता इम्तियाज अहमद को पूरी घटना बता दी थी. इसके बाद दोनों ने मिलकर खून से सने कपड़े, हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, मृतक का मोबाइल फोन और अन्य सामान एक थैले में रखकर वैन की सीट के नीचे छिपा दिया. बाद में वैन को एक राइस मिल में खड़ा कर दिया गया ताकि किसी को शक न हो.

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, वैन, मृतक का मोबाइल, आधार कार्ड, नकदी और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं. चाकू मिलने के बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ा दी गई है. पिता की भूमिका सामने आने पर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया.

पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी दावा किया कि उसने करीब एक साल पहले एक अन्य युवक की भी इसी तरह वाहन से टक्कर मारकर हत्या की थी. हालांकि पुलिस फिलहाल इस दावे की अलग से जांच कर रही है और पुराने मामले के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं.

एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि आरोपी की ओर से जिन्न और आवाज सुनाई देने जैसी बातें कही गई हैं, लेकिन शुरुआती जांच में यह सूखे नशे और मानसिक स्थिति से जुड़ा मामला प्रतीत हो रहा है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. आरोपी और उसके पिता के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

मनवीर सिंह

मनवीर सिंह

मैं मनवीर सिंह 6 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं. 5 साल से टीवी9 भारतवर्ष न्यूज चैनल में सेवा दे रहा हूं. इससे पहले आजतक न्यूज चैनल के लिए भी काम किया है. क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरें पसंद हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button