उत्तर प्रदेशभारत

‘वो आतंकी नहीं, मजदूर हैं…’ मुजफ्फरनगर के दो युवकों की गिरफ्तारी पर बोले घरवाले, किसने दिया 30 हजार रुपये का लालच?

'वो आतंकी नहीं, मजदूर हैं...' मुजफ्फरनगर के दो युवकों की गिरफ्तारी पर बोले घरवाले, किसने दिया 30 हजार रुपये का लालच?

दिल्ली पुलिस (सांकेतिक फोटो)

Muzaffarnagar News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आईएसआई से जुड़े संदिग्ध आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के अन्ति गांव निवासी सलमान और दानिश उर्फ चांद मियां भी शामिल हैं. गिरफ्तारी के बाद स्थानीय पुलिस और एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) ने दोनों युवकों के गांव पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

परिजनों के अनुसार सलमान दिल्ली में फर्नीचर का काम करता था, जबकि दानिश उर्फ चांद मियां सोलर पैनल लगाने और बैनर से जुड़े काम करता था. बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले दोनों गांव में आए हुए थे. इसी दौरान दानिश का फोन आने पर सलमान उसके साथ दिल्ली के लिए निकल गया. इसके बाद परिवार का उनसे संपर्क नहीं हो सका. बाद में सूचना मिली कि दिल्ली पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.

परिवार ने बताया बेगुनाह

दोनों परिवारों का दावा है कि उनके बेटों का किसी भी आपराधिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं रहा है. सलमान इंटरमीडिएट पास है, जबकि दानिश ने पांचवीं तक पढ़ाई की है. परिजनों का कहना है कि दोनों मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे और उनके खिलाफ पहले कभी कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं हुआ.

दानिश की मां ने क्या कहा?

दानिश की मां गुलिस्ता ने बताया कि उनके बेटे को एक युवक अपने साथ यह कहकर ले गया था कि किसी ठेकेदार से पैसे लेने हैं. बाद में बेटे ने बताया कि किसी व्यक्ति ने फोन कर 30 हजार रुपये देने का लालच देते हुए एक स्थान से सामान लाने के लिए कहा था. परिवार का कहना है कि दानिश को यह भी नहीं पता था कि वह सामान क्या था. उनका दावा है कि सामान लेने जाने से पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया. गुलिस्ता ने कहा कि उनका बेटा बेहद सीधा-सादा है और उसे मामले की पूरी जानकारी नहीं थी.

सलमान के परिवार का दावा

सलमान की बहन दरक्षा ने बताया कि उनका भाई दिल्ली में फर्नीचर का काम करता था और दूसरे भाई के साथ रोजगार में लगा हुआ था. उनके मुताबिक, गांव के ही दानिश का फोन आने पर वह किसी व्यक्ति से पैसे लेने की बात कहकर घर से निकला था. बाद में दिल्ली पुलिस का फोन आया और गिरफ्तारी की जानकारी दी गई. परिवार का कहना है कि सलमान का किसी आतंकी गतिविधि से कोई लेना-देना नहीं है और उसे बेवजह फंसाया गया है.

पुलिस कर रही जांच

मुजफ्फरनगर के एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के बाद यह जानकारी मिली कि गिरफ्तार छह संदिग्धों में दो युवक मुजफ्फरनगर के अन्ति गांव के रहने वाले हैं. उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थानीय पुलिस और एलआईयू स्वतंत्र रूप से मामले की जांच कर रही हैं. दिल्ली पुलिस द्वारा कुछ आपत्तिजनक सामग्री बरामद किए जाने की जानकारी भी सामने आई है. जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

रविन्द्र सिंह

रविन्द्र सिंह

रविंद्र सिंह उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रिपोर्टर हैं. वह बीते 17 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उनकी शुरुआत एक हिंदी दैनिक अखबार से हुई. फिर साल 2014 से वह न्यूज़ नेशन व रीजनल न्यूज़ स्टेट में काम किया. यहां पर उन्होंने लगातार 2023 तक जिला स्तर पर काम किया. इन्होंने सभी प्लेटफॉर्म के साथ जुड़कर इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में भी काम किया है. सॉफ्ट स्टोरी और क्राइम स्टोरी को समझते हुए समर्पण के साथ रिपोर्टिंग को प्राथमिकता दी. उसके बाद से वह TV9 भारतवर्ष के साथ काम कर रहे हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button