उत्तर प्रदेशभारत

नर्सिंग असिस्टेंट कुलदीप के मौत मामले में पत्नी और साली गिरफ्तार, बनाए थे तीन Video

बरेली: नर्सिंग असिस्टेंट कुलदीप के मौत मामले में पत्नी और साली गिरफ्तार, बनाए थे तीन Video

पत्नी और साली गिरफ्तार

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली के चर्चित नर्सिंग असिस्टेंट कुलदीप गोस्वामी की मौत के मामले में कैंट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी पत्नी गुंजा कुमारी और साली रीना को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों को सदर बाजार के आजाद मोहल्ला क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया. पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और मुकदमे में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है. यह मामला कुलदीप की मौत से पहले बनाए गए तीन वीडियो और परिजनों के गंभीर आरोपों के बाद पुलिस अब कार्रवाई कर रही है.

दरअसल, बदायूं रोड स्थित बालाजी नगर निवासी सत्यपाल गोस्वामी ने अपने बेटे कुलदीप गोस्वामी की मौत के बाद थाना कैंट में पत्नी गुंजा, साली रीना, साले अमित और साढ़ू सतीश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था. आरोप है कि समझौते के बहाने कुलदीप को ससुराल बुलाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया. परिजनों का कहना है कि इसी घटनाक्रम के बाद कुलदीप ने जहर खा लिया, जिससे उनकी मौत हो गई.

मौत से पहले बनाए तीन वीडियो

कुलदीप गोस्वामी की मौत के बाद उनके तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. इन वीडियो में उन्होंने अपनी दूसरी पत्नी और उसके परिवार पर कई गंभीर आरोप लगाए थे. कुलदीप ने कहा था कि उनकी दूसरी शादी इसी वर्ष 15 अप्रैल को हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही घर से नकदी, जेवर और अन्य सामान गायब होने लगा. उन्होंने दावा किया था कि उन्होंने अपनी पत्नी को 70 हजार रुपये अपनी बहन को देते हुए देखा था. पूछने पर पत्नी ने इसे उधार बताया, लेकिन बाद में भी सामान गायब होने की घटनाएं होती रहीं.

वीडियो में कुलदीप ने यह भी आरोप लगाया था कि पत्नी और उसके मायके वाले उन्हें लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे. उन्होंने पुलिस से भी शिकायत की थी, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई. अपने आखिरी संदेश में उन्होंने अपने 13 वर्षीय बेटे उत्कर्ष से दादा-दादी का ख्याल रखने, पढ़ाई जारी रखने और जीवन में आगे बढ़ने की भावुक अपील की थी. उन्होंने अपने दोस्तों से भी बेटे का भविष्य संवारने की बात कही थी.

मृतक के भाई ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक के भाई विनायक गोस्वामी का आरोप है कि घटना वाले दिन गुंजा ने कुलदीप को फोन कर अपनी बहन के घर बुलाया था. वहां पत्नी, साली, साले और साढ़ू ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें जहर दे दिया. बाद में कुलदीप अचेत अवस्था में मिले, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

वहीं, गिरफ्तार पत्नी गुंजा और उसकी बहन रीना ने पूछताछ में पुलिस को अलग कहानी बताई. उनका कहना है कि शादी के बाद गुंजा को पता चला कि कुलदीप की पहले तीन शादियां हो चुकी थीं और उनका एक 13 वर्षीय बेटा भी है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद रहने लगा और गुंजा मायके में रहने लगी थी. उनका दावा है कि 3 जुलाई को कुलदीप उन्हें लेने मायके आए थे, लेकिन उन्होंने दरवाजा नहीं खोला. इसके बाद कुलदीप ने घर के बाहर ही जहर खा लिया. उनका कहना है कि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह ऐसा कदम उठा लेंगे.

पुलिस जांच जारी

पूरे मामले में सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि नर्सिंग असिस्टेंट कुलदीप गोस्वामी की मौत के मामले में आज उनकी पत्नी गुंजा और साली रीना को गिरफ्तार कर लिया गया है. दोनों को न्यायालय में पेश किया गया. मामले में अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है.

मनवीर सिंह

मनवीर सिंह

मैं मनवीर सिंह 6 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं. 5 साल से टीवी9 भारतवर्ष न्यूज चैनल में सेवा दे रहा हूं. इससे पहले आजतक न्यूज चैनल के लिए भी काम किया है. क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरें पसंद हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button