उत्तर प्रदेशभारत

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने CM योगी को लिखा पत्र, जांच की मांग

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने CM योगी को लिखा पत्र, जांच की मांग

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय. (फाइल फोटो)

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में गंभीर वित्तीय अनियमितता की तह तक पहुंचने के लिए स्वतंत्र, वैज्ञानिक एवं सक्षम एजेंसियों के माध्यम से फॉरेंसिक जांच कराए जाने की मांग की है. शनिवार को मुख्यमंत्री के नाम भेजे गए पत्र में अजय राय ने लिखा, श्री राम जन्मभूमि मंदिर करोड़ों देशवासियों की आस्था का केंद्र है. अयोध्या भगवान राम की जन्मस्थली है.

विश्वास को बनाये रखना अनिवार्य

पत्र में उन्होंने कहा कि लगभग दो साल पहले खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका उद्घाटन किया और देश-विदेश के असंख्य श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान और सहयोग से श्रीरामजन्मभूमि मंदिर का निमार्ण हुआ है. इसलिए इस मंदिर से सम्बन्धित प्रत्येक आर्थिक लेन-देन में पूर्ण पारदर्शिता बरतना तथा सार्वजनिक विश्वास को बनाये रखना अनिवार्य है.

उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में प्राप्त चढ़ावे तथा पूर्व में श्रद्धालुओं द्वारा दान की गई बहुमूल्य वस्तुओं के संबंध में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के पश्चात राज्य सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की अंतरिम जांच के उपरांत प्राथमिकी दर्ज की गई है तथा कुछ कर्मचारियों की गिरफ्तारी भी हुई है.

पुराने CCTV रिकॉर्ड नहीं होने से जांच प्रभावित

उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की उपलब्धता सीमित रही तथा पुराने रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने से जांच प्रभावित हुई. यदि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का संरक्षण समयबद्ध एवं विधिसम्मत रूप से नहीं किया गया, तो यह अपने आप में अत्यंत गंभीर प्रश्न है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इसके अलावा वर्ष 2021 में मंदिर एवं उसके आसपास के विकास कार्यों के लिए भूमि क्रय में कथित मूल्य वृद्धि और अनियमितताओं के संबंध में भी गंभीर आरोप लगाए गए थे.

जमीनों की खरीद फरोख्त पर उठाया सवाल

अजय राय ने कहा कि सार्वजनिक रूप से उपलब्ध दस्तावेजों में यह सवाल उठाया गया कि कुछ जमीन कम समय के भीतर बढ़े हुए मूल्य पर ट्रस्ट को बेची गई. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में भी कमीशनखोरी के आरोप सामने आए, जिनकी स्वतंत्र जांच कराए जाने की मांग की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई और आज मंदिर की वित्तीय व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर प्रश्न उठे हैं. उन्होंने कहा कि अब उन आरोपों की समग्र जांच आवश्यक प्रतीत होती है.

अखिलेश यादव ने लगाया गबन का आरोप

अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे में चोरी का विवाद तब शुरू हुआ था जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सात जून को राम मंदिर को प्राप्त दान में गबन का आरोप लगाया था. उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 13 जून को गठित एक विशेष जांच दल (एसआईटी) ने 23 जून को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी थी, जिसके बाद 25 जून को एक प्राथमिकी दर्ज की गई और आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया.

इस मामले में ट्रस्ट की सोमवार को एक बैठक भी बुलाई गई है, जिसमें श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और न्यासी अनिल मिश्र के इस्तीफे पर विचार किया जाएगा.

पंकज चतुर्वेदी

पंकज चतुर्वेदी

पंकज चतुर्वेदी को पत्रकारतिा के क्षेत्र में एक दशक से ज्यादा का अनुभव है. देश और उत्तरप्रदेश की राजनीति को कवर करते आ रहे हैं. दिल्ली में अमर उजाला और पंजाब केसरी से पत्रकारिता की यात्रा की शुरुआत हुई.  दिल्ली में 2 साल की पत्रकारिता के बाद मिट्टी की खुशबू यूपी खींच लाई और तब से राजधानी लखनऊ में ही पत्रकारिता हो रही है. 2017 में यात्रा को विस्तार देते हुए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े. राजनीतिक खबरों में गहरी रुचि और अंदर की खबर को बाहर लाने का हुनर, साथ ही यूपी की ब्यूरोकेसी में खास पकड़.  पत्रकारिता का फलसफा खबरों को खबर के रूप में ही जनता तक पहुंचाना.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button