उत्तर प्रदेशभारत

‘तो चलूं मां, फिर आऊंगा…’, असम हादसे में शहीद सार्जेंट जितेंद्र ने मां से आखिरी बार कही थी ये बात, होने वाली थी शादी, अब तिरंगे में लिपटकर आएगा शव

'तो चलूं मां, फिर आऊंगा...', असम हादसे में शहीद सार्जेंट जितेंद्र ने मां से आखिरी बार कही थी ये बात, होने वाली थी शादी, अब तिरंगे में लिपटकर आएगा शव

शहीद सार्जेंट जितेंद्र.

Assam IAF Plane Crash: देश की रक्षा करते हुए एक और वीर सपूत ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दे दिया है. असम के जोरहाट एयरबेस पर भारतीय वायुसेना का AN-32 विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस दर्दनाक हादसे में अलीगढ़ जनपद की खैर विधानसभा क्षेत्र के गांव सालपुर निवासी वायुसेना के सार्जेंट जितेंद्र शर्मा शहीद हो गए. जैसे ही उनकी शहादत की आधिकारिक सूचना गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. भारतीय वायुसेना ने इस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश जारी कर दिए हैं.

सार्जेंट जितेंद्र शर्मा (31 वर्ष) का भारतीय वायुसेना में चयन 1 जनवरी 2015 को हुआ था. वह पिछले 11 वर्षों से देश की सेवा कर रहे थे और पिछले एक साल से असम के जोरहाट में तैनात थे. जितेंद्र अपने 7 भाई-बहनों में सबसे छोटे और सबके लाडले थे. करीब 12 वर्ष पहले उनके पिता करुआ शर्मा का निधन हो गया था, जिसके बाद मां राजेश्वरी देवी ने अकेले ही सभी बच्चों का पालन-पोषण किया.

परिजनों ने रुआंसे गले से बताया कि जितेंद्र अभी कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर गांव आए थे और 5 जून को ही ड्यूटी पर वापस लौटे थे. घर से निकलते समय उन्होंने अपनी मां से गले मिलकर कहा था, “चलूं मां, आऊंगा फिर.” किसी को नहीं पता था कि जितेंद्र के यह शब्द आखिरी साबित होंगे.

Add A Heading (3)

घर में चल रही थी शादी की तैयारी

शहीद जितेंद्र के बड़े भाई भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे जब उन्होंने टीवी पर असम में विमान हादसे की खबर देखी, तो उन्हें किसी अनहोनी का शक हुआ. इसके ठीक एक घंटे बाद दोपहर करीब 1 बजे वायुसेना के अधिकारियों का फोन आया और जितेंद्र की शहादत की पुष्टि हो गई. भाई ने बताया कि घर में जितेंद्र की शादी को लेकर बातचीत चल रही थी और उनके लिए लड़की भी देख ली गई थी. परिवार जल्द ही विवाह की तैयारियों में जुटने वाला था, लेकिन उससे पहले ही यह वज्रपात हो गया. शहीद जितेंद्र शर्मा का पार्थिव शरीर रविवार तक उनके पैतृक गांव सालपुर पहुंचने की संभावना है, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: हादसा नहीं, खौफनाक साजिश: दिल्ली के गोविंदपुरी में स्कूटी फूंकने के चक्कर में जली थी 5 मंजिला इमारत, CCTV में दिखी लड़की ने खोला राज

राजस्व राज्यमंत्री ने बंधाया ढांढस

इस दुखद घटना की सूचना मिलने के बाद खैर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार के राजस्व राज्यमंत्री सुरेंद्र दिलेर ने शहीद के पैतृक गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने शहीद की माता राजेश्वरी देवी और भाइयों को सांत्वना देते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की. राज्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा, “इस दुख की घड़ी में परिवार खुद को अकेला न समझे. राजेश्वरी देवी का एक बेटा शहीद हुआ है, लेकिन सुरेंद्र दिलेर भी उनका बेटा है. उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासन हर कदम पर परिवार के साथ खड़ा है और उन्हें हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी.”

मोहित गुप्ता

मोहित गुप्ता

अलीगढ़ जिले में छर्रा पंचायत के रहने वाले मोहित गुप्ता ने अपने कस्बे से पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा. उन्होंने इंडिया न्यूज़ टीवी से पत्रकारिता के सफर की शुरुआत की. इसके बाद कई बड़े चैनलों में काम किया. करीब 1 साल पहले उन्होंने TV9 भारतवर्ष के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में एक रिपोर्टर के तौर पर नई पारी की शुरुआत की.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button