उत्तर प्रदेशभारत

कानपुर नगर निगम की बड़ी लापरवाही… अचानक ढही नाले की स्लैब, गिर गए 25 B.Ed अभ्यर्थी, कीचड़ से सने कपड़ों में दी परीक्षा

कानपुर नगर निगम की बड़ी लापरवाही... अचानक ढही नाले की स्लैब, गिर गए 25 B.Ed अभ्यर्थी, कीचड़ से सने कपड़ों में दी परीक्षा

घायल अभ्यर्थी.

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में आज उस वक्त एक बड़ा हादसा हो गया, जब बीएड प्रवेश परीक्षा देने आए दर्जनों परीक्षार्थी सीसामऊ नाले में जा गिरे. यह दर्दनाक वाकया कर्नलगंज थाना क्षेत्र के मकरवर्ट गंज इलाके में स्थित एचएन मिश्रा स्कूल परीक्षा केंद्र के ठीक बाहर सामने आया. दरअसल, परीक्षा केंद्र के गेट पर जब अभ्यर्थियों से उनके जरूरी दस्तावेजों की फोटोकॉपी मांगी गई, तो वहां अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सभी परीक्षार्थी एक साथ अपने डॉक्यूमेंट्स की फोटोकॉपी कराने के लिए पास में ही नाले के ऊपर बनी एक दुकान की तरफ दौड़ पड़े.

नाले पर अचानक भारी भीड़ जमा होने के कारण उस पर दबाव बढ़ गया. देखते ही देखते नाले की जर्जर स्लैब भरभराकर ढह गई. इसके चलते वहां मौजूद लगभग 25 परीक्षार्थी और उनके साथ आए अभिभावक सीधे नाले के गंदे पानी और गहरे कीचड़ में जा गिरे.

गंदे पानी में सने छात्रों ने नहाकर दी परीक्षा

इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. हादसे में कई छात्रों को स्लैब की लोहे की सरिया से गंभीर चोटें और गहरी खरोंचें आई हैं. गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई. नाले के गंदे पानी और कीचड़ में सने कुछ अभ्यर्थियों ने किसी तरह खुद को साफ किया और नहाकर परीक्षा में हिस्सा लिया.

नगर निगम की घोर लापरवाही, अधिकारी नदारद

इस घटना को लेकर परीक्षार्थियों और उनके परिजनों में नगर निगम के खिलाफ भारी आक्रोश है. छात्रों का कहना है कि ऐतिहासिक सीसामऊ नाले के मेंटेनेंस की जिम्मेदारी कानपुर नगर निगम की है, लेकिन लापरवाही के चलते जर्जर स्लैब को समय पर ठीक नहीं किया गया. हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी लापरवाही के बाद भी जिला प्रशासन या नगर निगम का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और न ही इस पर कोई आधिकारिक सफाई सामने आई है.

प्रभाकर श्रीवास्तव

प्रभाकर श्रीवास्तव

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button