उत्तर प्रदेशभारत

जो सामने आया उसको पीटा… जब तक मौत नहीं हुई, तब तक बड़े भाई को डंडे मारे; मुरादाबाद में छोटे भाई का तांडव

जो सामने आया उसको पीटा... जब तक मौत नहीं हुई, तब तक बड़े भाई को डंडे मारे; मुरादाबाद में छोटे भाई का तांडव

मुरादाबाद में छोटे भाई का तांडव

Moradabad murder case: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के सिविल लाइंस क्षेत्र के फकीरपुरा में जमीन के छोटे से विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया. महज कुछ बीघा जमीन के लालच में एक भाई ने अपने ही सगे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

मृतक किसान सुरेश (55) अपने खेत में गेहूं की कटाई कर रहे थे. उसी दौरान उनके भाई विजय अपने बेटों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वहां पहुंचा. आरोप है कि विजय, उसके बेटे रंजीत और सुरजीत, तथा पत्नी मंजू ने मिलकर सुरेश पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया. हमलावरों ने सुरेश को चारों ओर से घेर लिया और तब तक पीटते रहे जब तक वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर नहीं पड़े.

महिलाओं के साथ भी मारपीट

हमले के दौरान सुरेश की पत्नी अनीता और उनकी वृद्ध सास मैना देवी जब बीच-बचाव के लिए आगे आईं, तो आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा. दोनों महिलाओं को भी बेरहमी से पीटा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं. फिलहाल दोनों का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है.

इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में सुरेश जमीन पर घायल अवस्था में तड़पते नजर आ रहे हैं और आसपास चीख-पुकार मची हुई है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो सुरेश के आखिरी पलों का है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है.

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद सुरेश को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस हत्या की जड़ करीब दस बीघा पैतृक जमीन का विवाद है. यह जमीन उनके नाना सैमुअल ने उनके पिता रामपाल को दी थी. हालांकि पिता द्वारा जमीन का बंटवारा कर दिया गया था, लेकिन विजय अपने भाई सुरेश के हिस्से पर भी दावा कर रहा था.

पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. वहीं मुख्य आरोपी विजय और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है.

क्या बोले एसपी?

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था. घटना के दिन दोनों पक्ष विवादित जमीन पर पहुंचे थे, जहां कहासुनी के बाद मामला हिंसा में बदल गया. पुलिस ने मृतक पक्ष की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है.

शारिक सिद्दिकी

शारिक सिद्दिकी

पिछले 4 सालों से पत्रकारिता के फील्ड में हूं, निष्पक्ष पत्रकारिता का पक्षधर और सच्चाई के साथ अपने कर्तव्य का पालन करना ही मेरा उद्देश्य.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button