मनोरंजन

‘खूब गालियां पड़ी…’, 3 मिनट 36 सेकंड का आशा भोसले का वो गाना, जिसके टाइटल पर बनी थी फ्लॉप फिल्म

आशा भोसले ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक फिल्में और गाने दिए हैं. 92 साल की सिंगर को लेकर जानकारी सामने आ रही है कि उन्हें हार्ट अटैक के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ऐसे में आपको उनके उस गाने के बारे में बता रहे हैं, जिसके टाइटल पर फिल्म तक बन चुकी है. लेकिन जब इस गाने को पहली बार रिकॉर्ड किया गया था तो उन्हें इसके लिए आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था. 

दरअसल, आशा भोसले के जिस गाने के बारे में बात कर रहे हैं, उसे 1957 में रिलीज किया गया था, जो कि फिल्म ‘आशा’ का था. इस गाने में आशा भोसले का साथ किशोर कुमार ने दिया था. आशा भोसले और किशोर कुमार की आवाज में उनका गाना आज भी हिट है. इस गाने के बोल ‘ईना मीना डीका’ है. अगर ये गाना भी बज जाता है तो पुरानी यादें ताजा हो जाती हैं.

‘ईना मीना डीका’ के लिए सुननी पड़ी आलोचना

आशा भोसले ने रिपब्लिक भारत से बात करते हुए सॉन्ग ‘ईना मीना डीका’ को लेकर बात की थी. इस बातचीत की एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी, जिसमें वह अपने पुराने गाने पर बात करती दिखी थीं. उन्होंने कहा था, ‘जब मेरा गाना गाने का स्टाइल बदल गया तो लोगों ने मुझे बहुत गालियां दी. जैसे ईना मीना डीका गाया. उस एज के लोग जो थे उन्होंने कहा कि ये क्या गाया? ये तो इंग्लिश लोगों के लिए ठीक है. मुझे बहुत गालियां पड़ी है और गाने भी बंद हो जाते थे वहां पर जो रेडियो था. लेकिन, मैं बहुत उत्साहित औरत हूं दिल से एकदम मजबूत हूं. मुझे वो अच्छा नहीं लगता कि होगा कि नहीं होगा. नहीं तो मेरे शब्द नहीं हैं. मैं हमेशा कहती हूं कि सब होगा.’

गाने के टाइटल पर बनी फ्लॉप फिल्म

गौरतलब है कि आशा भोसले के सॉन्ग ‘ईना मीना डीका’ के टाइटल पर तो फिल्म भी बनाई जा चुकी है, जो कि एक एक्शन कॉमेडी फिल्म थी. इसमें ऋषि कपूर, जूही चावला और विनोद खन्ना जैसे स्टार्स लीड रोल में थे. इसे 1994 में रिलीज किया गया था. भले ही फिल्म की स्टार कास्ट बड़ी थी लेकिन ये बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई थी. बॉक्स ऑफिस इंडिया के अनुसार, फिल्म का इंडिया नेट कलेक्शन 3.93 करोड़ था.

आशा भोसले का हेल्थ अपडेट

बहरहाल, अगर आशा भोसले के हेल्थ अपडेट के बारे में बात की जाए तो उन्हें शनिवार 11 अप्रैल को कैंडी ब्रीच अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनकी पोती जनाई भोसले ने सिंगर की हेल्थ पर रिएक्शन देते हुए पोस्ट जारी की और बताया कि उन्हें सीने में इंफेक्शन और कमजोरी की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उनका इमरजेंसी मेडिकल सर्विसेज में इलाज चल रहा है.



Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button