भारत

जमीन निगल गई या आसमान खा गया? बैंक का लॉकर खोलते ही महिला के उड़े होश, गायब मिले गहने

वेस्ट दिल्ली के कीर्ति नगर के PNB बैंक की टैगोर मार्केट ब्रांच में एक लॉकर से सोने के गहने गायब होने का मामला सामने आया है. महिला ने जब लॉकर खोला तो उसके होश उड़ गए. लॉकर से उसके गहने गायब थे. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

17 फरवरी की घटना

पुलिस के मुताबिक 17 फरवरी 2026 को एक महिला अपने लॉकर को ऑपरेट करने के लिए बैंक पहुंची थी. ये लॉकर जॉइंट होल्डर के तौर पर महिला की सास के साथ है. बैंक अधिकारियों ने नियम के मुताबिक लॉकर खुलवाया गया लेकिन जैसे ही लॉकर खोला गया तो अंदर का नजारा देखकर महिला दंग रह गई. महिला ने आरोप लगाया कि उसमें रखे उनके सोने के गहने नहीं मिले. इसके बाद उन्होंने बैंक में ही शिकायत दर्ज कराई और कहा कि उनके लॉकर से ज्वेलरी चोरी हो गई है.

तोड़फोड़ या लॉकर तोड़ने के नहीं मिले निशान

सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंची. लॉकर और आसपास के एरिया की बारीकी से जांच की है. शुरुआती जांच में किसी भी तरह की जबरन तोड़फोड़ या लॉकर तोड़े जाने के निशान नहीं मिले. बैंक रिकॉर्ड की जांच में ये भी सामने आया कि संबंधित लॉकर को इससे पहले 5 जुलाई 2024 को ऑपरेट किया गया था. उसके बाद 17 फरवरी 2026 को पहली बार खोला गया.

घटना के बाद उड़ीं अफवाहें

बैंक के लॉकर इन्वेंट्री की जांच की गई तो किसी और लॉकर के साथ छेड़छाड़ या टूट-फूट नहीं पाई गई. हालांकि, इस घटना की खबर फैलते ही अफवाहों का दौर शुरू हो गया और कई लॉकर होल्डर अपने-अपने कीमती सामान की जांच करने बैंक पहुंच गए. अब तक किसी अन्य ग्राहक ने ऐसी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है.

पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू

पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. जांच में बैंक स्टाफ से पूछताछ की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज की जांच और लॉकर ऑपरेशन रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. इन्वेस्टिगेशन पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा कि ये लापरवाही का मामला है या किसी तरह की साजिश.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button