भारत

Uttar Pradesh Artist Draws Sketch To Pay Homage To PM Modi Mother Heeraben

PM Modi And Heeraben Sketch: उत्तर प्रदेश के अमरोहा के एक स्केच आर्टिस्ट जुहैब खान ने पीएम मोदी (PM Modi) की मां हीराबेन (Heeraben) के निधन पर उनका स्केच बनाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी. जुहैब ने पीएम मोदी और हीराबेन की एक साथ तस्वीर बनाई. पीएम मोदी की मां हीराबेन का शुक्रवार (30 दिसंबर) तड़के निधन हो गया था. वह 100 साल की थीं. पेंसिल स्केच में पीएम मोदी हाथ जोड़कर अपनी मां का अभिवादन करते नजर आ रहे हैं, जबकि मां उन्हें आशीर्वाद दे रही हैं. स्केच के नीचे ‘श्रद्धांजलि’ शब्द भी लिखा हुआ है.

एएनआई से बात करते हुए जुहैब ने कहा, “मैं अमरोहा से हूं. मैं हमारे समाज को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर स्केच बनाता रहता हूं. प्रधानमंत्री मोदी की मां का निधन हो गया और मैंने श्रद्धांजलि के रूप में पीएम के साथ उनका एक स्केच बनाया.” अस्पताल के एक बुलेटिन के अनुसार, हीराबेन मोदी का शुक्रवार (30 दिसंबर) तड़के करीब 3.30 बजे अहमदाबाद के यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर में निधन हो गया था. उन्हें बुधवार (28 दिसंबर) को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. 

पीएम मोदी ने दी मुखाग्नि

पीएम मोदी ने शुक्रवार को गांधीनगर में अपनी मां का अंतिम संस्कार किया. इससे पहले पीएम मोदी ने ट्वीट के जरिये सुबह मां हीरबेन के निधन की जानकारी साझा की. इसके कुछ देर बाद ही वह सुबह-सुबह गुजरात की राजधानी पहुंचे. पीएम मोदी ने गुजरात पहुंचकर अपनी मां के पैर छूए और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की. हीराबेन का पार्थिव शरीर रायसन में उनके आवास पर रखा गया था.

पीएम अंतिम संस्कार के जुलूस में शामिल हुए और अर्थी को कंधा दिया. नंगे पांव चलते हुए उन्होंने अपनी मां के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट तक पहुंचाया. पीएम मोदी ने अपने भाइयों के साथ मां हीराबेन को मुखाग्नि दी. 

देश-दुनिया के तमाम नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

पीएम मोदी की मां को बीजेपी के तमाम नेताओं के अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई हस्तियों ने श्रद्धाजंलि अर्पित की. इसके अलावा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी पीएम मोदी की मां हीराबेन को श्रद्धांजलि दी. 

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पीएम मोदी की मां हीराबेन के निधन पर शोक व्यक्त किया. बाइडेन ने ट्विटर कर लिखा, “जिल और मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी मां हीराबेन मोदी के निधन पर अपनी गहरी और हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं.”

इसे भी पढ़ेंः-

COVID 19: क्या भारत में आएगी कोरोना की एक और लहर? ABP न्यूज़ पर एक्सपर्ट्स ने दिए तमाम सवालों के जवाब

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button