ट्रेनर ने किया जॉन अब्राहम के फिटनेस का खुलासा, कहां- ‘वे अब भिंडी-बैंगन तक नहीं खा सकते’

बॉलीवुड के एक्टर्स अपनी फिटनेस और डाइट को लेकर बेहद सजग रहते हैं. कई सितारे ऐसे हैं जो अपनी लाइफभर की डाइट रूटीन का पालन करते हैं इतना कि वे अब कुछ आम खाने की चीजें भी नहीं खा पाते. हाल ही में सेलेब्रिटी फिटनेस ट्रेनर विनोद चन्ना ने बताया कि जॉन अब्राहम अपनी डाइट के मामले में बेहद सख्त हैं और उन्होंने कई सालों से शुगर तक नहीं खाई. वहीं, उन्होंने ये भी साझा किया कि शिल्पा शेट्टी ने प्रेग्नेंसी के बाद सिर्फ तीन महीने में अपना वजन कम कर लिया.
जॉन अब्राहम की सख्त डाइट
विनोद चन्ना ने हिंदी रश को बताया कि जॉन अपनी डाइट पर इतनी कड़ाई से चलते हैं कि अगर ट्रेनर भी उन्हें कुछ मीठा खाने के लिए कह दे तो वे बिल्कुल नहीं खाते. विनोद ने कहा, ‘अगर मैं उन्हें चार ही तरह के खाने की सलाह दूं तो वो सिर्फ वही खाएंगे और कुछ नहीं छुएंगे. वे इतने सख्त हैं.’ ये दिखाता है कि जॉन अपनी फिटनेस और बॉडी को लेकर कितने डेडिकेटेड हैं.
जॉन की डाइट की मिसाल
विनोद ने जॉन की सख्ती का एक उदाहरण साझा किया. उन्होंने बताया, ‘एक बार जॉन किसी फिल्म की शूटिंग कर रहे थे और उस समय ताइवान की प्रिंसेस वहां आईं. खाने की टेबल खाली हो गई थी. उन्होंने मुझे कहा कि जॉन ने सब खा लिया. लेकिन मैंने उन्हें बताया कि ऐसा नहीं हो सकता मैं 100% कॉन्फिडेंट था कि जॉन कुछ भी नहीं खाएंगे.’ जॉन इतने डिसिप्लिन वाले हैं कि उनकी बॉडी हर चीज के लिए एडजस्ट हो चुकी है.
सख्त डाइट के असर
विनोद ने आगे बताया कि जॉन शुगर तक नहीं खाते. उनकी बॉडी इतनी एडजस्ट हो चुकी है कि अगर उन्हें अचानक बैंगन या भिंडी जैसी चीजें दी जाएं तो उनका पेट ठीक से पचा नहीं पाएगा. उन्होंने कहा, ‘जॉन की बॉडी इतनी लंबे समय से इस डाइट पर है कि अगर कभी कुछ ऐसा मिल जाए जिसे उनकी आदत नहीं है, तो पचाना मुश्किल हो जाता है.’
शिल्पा शेट्टी का नेचुरल वेट लॉस
विनोद ने शिल्पा शेट्टी के वेट लॉस की कहानी भी बताई. उन्होंने कहा, ‘शिल्पा प्रेग्नेंसी के बाद मेरे पास आईं और उनका वजन 30-35 किलो बढ़ गया था. मैंने उनकी मदद की और तीन महीने में उनका वजन घट गया. फिर वे ‘नाच बलिये’ में आईं. लोगों ने कहा कि उन्होंने सर्जरी करवाई होगी लेकिन असली मेहनत और प्राकृतिक वेट लॉस की बातें किसी ने नहीं सुनी.’



