उत्तर प्रदेशभारत

पत्नी से अवैध संबंध… शख्स ने साढ़ू की ले ली जान, औरैया पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा

उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के सहायल थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज पिंटू हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे में ही खुलासा कर दिया है. सहायल थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो हत्या आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी जब्त कर लिया. पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की घटना को कबूला है.

दरअसल, आरोपी की पत्नी का मृतक पिंटू से अवैध संबंध थे. इसी वजह से उसने पिंटू की हत्या को अंजाम दिया. आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि पत्नी के साथ अवैध संबंध का शक और आपसी रंजिश की वजह से हत्या की घटना को अंजाम दिया गया. वहीं पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, खोखा कारतूस, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है.

पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा

परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. इसके बाद पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मानवीय सूचनाओं के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया. लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक उर्फ दीपक कुमार पुत्र छविनाथ, निवासी फतेहपुर थाना सहार जिला औरैया के रूप में हुई है, जो मृतक पिंटू उर्फ सतीश का दूर का रिश्तेदार और साढ़ू है. दूसरा आरोपी उसका मित्र गौरव कठेरिया है, जो पूरी वारदात में उसके साथ शामिल था.

रंजिश के चलते अभिषेक ने अपने मित्र गौरव के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई. दोनों ने मृतक को सुनसान इलाके में बुलाया, जहां शराब पीने के बाद अभिषेक ने तमंचे से उसकी कमर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गोली लगने से मृत्यु की पुष्टि हुई है.

आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया सच

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अभिषेक उर्फ दीपक को शक था कि मृतक के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध थे. मना करने के बावजूद मृतक द्वारा संबंध बनाने का प्रयास किया जा रहा था. इसी को लेकर दोनों के बीच पहले भी कहासुनी और विवाद हो चुका था. आरोपियों ने कहा कि मृतक ने उसे धमकी भी दी थी, जिससे वह परेशान था.

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 25 दिसंबर 2025 को थाना सहायल क्षेत्र से सूचना प्राप्त हुई थी. एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा है. सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस के उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया. फॉरेंसिक टीम द्वारा साबूत एकत्र किए और मामले के शीघ्र खुलासे के लिए एसओजी व सर्विलांस टीम का गठन किया गया था.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button