खेल

शेख हसीना को मौत की सजा का असर? BCCI ने भारत-बांग्लादेश सीरीज पर लिया बहुत बड़ा फैसला


भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अगले महीने होने वाली भारत बनाम बांग्लादेश सीरीज को स्थगित कर दिया है. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक भारतीय बोर्ड उसी दौरान सीरीज का नया शेड्यूल बनाने की कोशिश में है. सीरीज के स्थगित होने को भारत और बांग्लादेश के खराब हुए राजनीतिक संबंधों से जोड़ा जा रहा है. वहीं बीते सोमवार न्यायाधिकरण अदालत ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को मानवता के विरुद्ध अपराधों के लिए मौत की सजा सुनाई थी. बताया जा रहा है कि इस सजा के फैसले का भी भारत-बांग्लादेश सीरीज पर असर पड़ सकता है.

ICC के फ्यूचर्स टूर प्रोग्राम के तहत भारत और बांग्लादेश की महिला क्रिकेट टीमों के बीच 3 वनडे और 3 टी20 मैचों की सीरीज होने वाली थी. इसके मैच कोलकाता और कटक में खेले जाने की उम्मीद थी.

न्यूज एजेंसी पीटीआई के हवाले से BCCI के एक सूत्र ने बताया, “हम दिसंबर में एक वैकल्पिक शृंखला के आयोजन का प्रयास करेंगे. जहां तक बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज का विषय है, उसके लिए हमें हरी झंडी नहीं मिली है.” बताते चलें कि बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज, भारतीय टीम की महिला वर्ल्ड कप 2025 जीतने के बाद पहली सीरीज होने वाली थी.

संभव है कि भारत और बांग्लादेश के बिगड़ते राजनीतिक संबंधों के कारण सीरीज को स्थगित करने का फैसला लिया गया हो. हालांकि इस तरह की कोई पुष्टि नहीं हुई है. बताते चलें कि बांग्लादेश में सरकार का तख्तापलट होने के बाद शेख हसीना बांग्लादेश छोड़ भारत आ गई थीं.

दूसरी ओर PTI अनुसार बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया, “हमें BCCI का पत्र मिला, जिसमें सीरीज को रद्द किए जाने की बात लिखी गई है. फिलहाल हमें सीरीज की नई तारीख और जानकारी का इंतजार है.”

आपको याद दिला दें कि इसी साल BCCI ने मेंस टीम की बांग्लादेश के साथ सीरीज को सितंबर 2026 तक के लिए स्थगित कर दिया था.

यह भी पढ़ें:

इस नियम की वजह से IPL 2026 की नीलामी में हिस्सा नहीं ले पाएंगे 3 दिग्गज खिलाड़ी, लिस्ट में इंग्लैंड कैप्टन भी शामिल

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button