बेटी ने इंस्पेक्टर के पैरों पर सिर रखा, बोली- मेरे सामने पापा को मार डाला, पुलिस कुछ नहीं कर पाई- Video

मृतक किसान की बेटी ने इंस्पेक्टर के पैरों में गिरकर लगाई इंसाफ की गुहार
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां गुरुवार को खेत की पैमाइश के दौरान एक किसान की अचानक मौत हो गई. मृतक किसान की पहचान पप्पू (40) के रूप में हुई है. वह अपने खेत के पास ही बने मकान में अपने परिवार के साथ रहते था. पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही मामले की जांच शुरु कर दी है.
घटना के समय राजस्व विभाग की टीम, पुलिस के साथ मिलकर गांव में चकमार्ग (गांव के रास्ते) की नापजोख कर रही थी. बताया जा रहा है कि यह चकमार्ग किसान पप्पू के खेत से होकर गुजरता है, जिसमें धान की फसल खड़ी थी. परिजनों का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों के कहने पर राजस्व टीम ने नियमों को दरकिनार कर पप्पू के खेत में ही पूरा रास्ता निकाल दिया. पैमाइश के दौरान हुए इस विवाद में किसान की मौके पर ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.
परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप
यह देखकर राजस्व टीम तुरंत वहां से चली गई, जबकि मृतक के परिजनों ने शव को ट्रैक्टर ट्रॉली में रखकर थाने पहुंचाया और हंगामा किया. किसान की मौत से गुस्साए परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि किसान की मौत अचानक नहीं हुई, बल्कि उसे जानबूझकर मारा गया. उन्होंने दावा किया कि जब पप्पू ने अपने खेत में रास्ता निकालने का विरोध किया, तो विपक्षियों ने उसे धमकाया और मारपीट की.
गांव में तनाव
परिवार वालों का यह भी आरोप है कि राजस्व टीम और गांव के प्रधान के बीच मिलीभगत थी. उन्होंने पुलिस से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. फरीदपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया और जांच शुरू कर दी है. वहीं, पूरे गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
बेटी ने पुलिस से लगाई इंसाफ की गुहार
इस घटना ने सबसे ज्यादा किसी को झकझोरा है, तो वह मृतक किसान की बेटी रूबी है. पप्पू की इकलौती बेटी रूबी ने फरीदपुर थाने पहुंचकर इंस्पेक्टर क्राइम रविंद्र नैन के पैरों पर सिर रख दिया और रोते हुए बोली, मेरे सामने पापा को मार डाला मुझे इंसाफ चाहिए. रूबी की यह गुहार सुनकर वहां मौजूद सभी लोग भावुक हो गए. उसने पुलिस से निवेदन किया कि उसके पिता के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो पाएगी. साथ ही आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी. यह घटना केवल एक परिवार का दुख नहीं, बल्कि पूरे गांव के लिए सदमे की बात बन गई है. लोग मांग कर रहे हैं कि यदि किसान की मौत में कोई दोषी है, तो उसे सजा मिलनी चाहिए, चाहे वह कोई भी हो.
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या सरकारी कामों के नाम पर आम आदमी की जमीन और अधिकार छीने जाएंगे और जब वह आवाज उठाएगा, तो उनकी जान खतरे में होगी. अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में कितनी गंभीरता दिखाता है और किसान पप्पू को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं.

