उत्तर प्रदेशभारत

60KM की स्पीड से हवाएं…बिहार से बंगाल तक भारी बारिश, दिल्ली में येलो अलर्ट जारी; जम्मू-हिमाचल का क्या है हाल?

60KM की स्पीड से हवाएं...बिहार से बंगाल तक भारी बारिश, दिल्ली में येलो अलर्ट जारी; जम्मू-हिमाचल का क्या है हाल?

मौसम का हाल

IMD Weather Alert: देश के अलग-अलग राज्यों में मानसून पूरी तरह से सक्रिय है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 30 जुलाई से 4 अगस्त तक उत्तर, मध्य, पूर्व, पश्चिम और दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है. दिल्ली में 30 जुलाई को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. दिल्ली में 4 अगस्त तक बारिश जैसा मौसम रहने का अनुमान है.

30 जुलाई से 4 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश होने की संभावना है. इन राज्यों में कई स्थानों पर भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है. लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं. वहीं हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा राजस्थान के कई हिस्सों में भी अलग-अलग दिनों में भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है.

मध्य भारत में भी मानसून रहेगा मेहरबान

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 2 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का भी अनुमान जताया है. विशेष रूप से पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अत्यधिक बारिश को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में भी अलर्ट

बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. बिहार में 31 जुलाई से 4 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है, जबकि ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में भी कई स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है. पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी वर्षा का पूर्वानुमान है.

पश्चिम और दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर

कोंकण-गोवा, गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश जारी रहने की संभावना है. वहीं दक्षिण भारत के केरल, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप और पुडुचेरी में भी गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

मौसम विभाग ने बताया है कि ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में 30 जुलाई तक 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. मछुआरों को समुद्र में न जाने और तटीय क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. आईएमडी ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें, बिजली कड़कने के समय खुले स्थानों में न रुकें और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखें. पहाड़ी राज्यों में यात्रा करने वाले लोगों को भी अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

राहुल कुमार

राहुल कुमार

प्रिंट, TV और डिजिटल की दुनिया को सीखते-समझते लगभग 9 साल हो गए हैं. राजस्थान पत्रिका में अखबार और टीवी की रिपोर्टिंग से शुरुआत… इसके बाद प्रभात खबर पटना में अलग-अलग जिलों के एडिशन का बतौर इंचार्ज 5 साल तक रहा. यहां से दिल्ली आया तो NDTV में काम करने का मौका मिला. अगला पड़ाव TV9 रहा, जहां मैं स्टेट टीम का हिस्सा हूं.

पत्रकारिता का क, ख, ग… माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय में सीखा. यहां से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की. खबरों में आम आदमी के लिए क्या, किस राजनीतिक हलचल के मायने क्या? बस इसी की तलाश हमेशा रहती है. समाज से जुड़े मुद्दों को उठाना और उसे आसान भाषा में समझाने की कोशिश जारी है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button