खेल

5 बार बदल चुका है IPL का शेड्यूल, एक बार तो भयंकर युद्ध की वजह से रोका गया टूर्नामेंट

IPL 2026 का शेड्यूल चर्चा में है, जिसका एलान पहले 8 मार्च को होने वाला था. मीडिया रिपोर्ट्स अनुसार टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मैच के दिन शेड्यूल सामने आना था, लेकिन बाद में अनाउंसमेंट की तारीख बढ़ा दी गई. शेड्यूल की घोषणा आज यानी 9 मार्च को हो सकती है.

यह भी खबर है कि इंडियन प्रीमियर लीग के 2026 सीजन का शेड्यूल दो चरणों में सामने आ सकता है. पहले चरण में 15-20 दिन का शेड्यूल जारी किया जा सकता है और बाकी का शेड्यूल दूसरे चरण में सामने आ सकता है. इसी बीच उन 5 मौकों के बारे में जान लीजिए जब अलग-अलग कारणों से आईपीएल का शेड्यूल बदल दिया गया था.

1. दक्षिण अफ्रीका पहुंचा IPL

आईपीएल भारत की लीग है, इसलिए सामान्य रूप से मैचों का आयोजन भी यहीं पर होता है. मगर 2009 का आईपीएल सीजन 18 अप्रैल-24 मई तक दक्षिण अफ्रीका में हुआ था. इसकी मुख्य वजह 2009 के लोकसभा चुनाव रहे. देशभर में चुनाव के कारण पुलिस सुरक्षा व्यवस्था प्रदान नहीं कर सकती थी.

2. यूएई में खेले गए आधे मैच 

साल 2014 में इंडियन प्रीमियर लीग का सातवां सीजन आया. इस बार भी देशभर में लोकसभा चुनाव होने वाले थे, इसलिए 16-30 अप्रैल तक मैचों का आयोजन यूएई में करवाया गया. उसके बाद 2 मई से टूर्नामेंट दोबारा शुरू हुआ, जिसके बाद सारे मैच भारत में खेले गए.

3. कोरोनावायरस के कारण बदला शेड्यूल

वर्ष 2020 में कोरोनावायरस महामारी चरम पर थी, जिसके कारण BCCI ने आईपीएल का आयोजन भारत में करवाने की अनुमति नहीं दी थी. इसके चलते 13वां सीजन अबू धाबी, दुबई और शारजाह में खेला गया था.

4. फिर से आया कोरोनावायरस

साल 2021 में कोरोनावायरस का प्रकोप थोड़ा कम हुआ था. इस बीच 9 अप्रैल से IPL 2021 सीजन की शुरुआत हो चुकी थी, लेकिन भारत में अचानक COVID के केस बढ़ने लगे. इस कारण आईपीएल के मैच रोक दिए गए. टूर्नामेंट उसी साल 2 सितंबर से आगे बढ़ा, लेकिन मैचों का आयोजन UAE में हुआ. फाइनल 15 अक्टूबर को दुबई में ही खेला गया था.

5. भारत-पाक जंग बनी वजह

आईपीएल 2025 की शुरुआत 22 मार्च से हो चुकी थी, इसी बीच 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ, जिसमें 26 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी. भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर‘ के कारण हालात खराब स्थिति में थे, इसलिए शेड्यूल को बीच में ही बदल दिया गया और 9 मई-16 मई तक आईपीएल का कोई मैच नहीं खेला गया था.

यह भी पढ़ें:

मोबाइल की दुकान से खुला था स्पॉट-फिक्सिंग का राज, शाहिद अफरीदी के एक थप्पड़ ने उगलवाया मोहम्मद आमिर से सच

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button