उत्तर प्रदेशभारत

24 घंटे में 111 मौतें, 72 घायल… UP में आंधी-तूफान से भारी तबाही, 26 जिलों में मचा हाहाकार!

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में 13 मई को आए तेज आंधी-तूफान, बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई. राज्य के 26 जिलों में खराब मौसम के कारण पिछले 24 घंटों में 111 लोगों की मौत हो गई, जबकि 72 लोग घायल हुए हैं. इसके अलावा 170 पशुओं की मौत और 227 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली है. सबसे ज्यादा जनहानि प्रयागराज में दर्ज की गई, जहां 21 लोगों की मौत हुई. इसके बाद मिर्जापुर में 19, भदोही (संत रविदास नगर) में 16 और फतेहपुर में 11 लोगों की जान गई.

घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को प्रभावित परिवारों का सत्यापन कर अगले 24 घंटे के भीतर सहायता राशि वितरित करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही अधिकारियों को पीड़ित परिवारों से सीधे संवाद कर आवश्यक मदद उपलब्ध कराने को कहा गया है.

राहत आयुक्त ने की समीक्षा बैठक

राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रभावित जिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी स्वयं प्रभावित परिवारों से मिलें और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराएं. राहत आयुक्त कार्यालय के कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है.

ये भी पढे़ं- UP Weather Update: पेड़ गिरे, घर टूटे, 74 की मौत UP में आंधी-तूफान ने मचाई भारी तबाही, 38 जिलों में येलो अलर्ट

वहीं मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के बाद सचेत पोर्टल के माध्यम से आम लोगों को 34 करोड़ 64 लाख रेड और ऑरेंज अलर्ट संदेश भेजे गए. राज्य स्तरीय आपदा हेल्पलाइन नंबर 1070 पर आने वाली शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने प्रभारी मंत्रियों को भी राहत कार्यों की समीक्षा और सहायता वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. प्रशासन का कहना है कि सभी प्रभावित परिवारों तक शीघ्र राहत पहुंचाने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है.

प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे जिलों के प्रभारी मंत्री

बता दें कि आंधी, बारिश, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि से हुए नुकसान के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के प्रभारी मंत्रियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और पीड़ित परिवारों से सीधे मुलाकात करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रत्येक जिले के प्रभारी मंत्री को राहत कार्यों की निगरानी और प्रभावित लोगों तक हर संभव मदद पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

ये भी पढ़ें- नन्हे मियां आसमान से उड़कर नीचे गिरे, फिर भी क्यों नहीं आई ज्यादा चोट; ये है वजह

वहीं जिलाधिकारियों ने प्रभावित परिवारों को राहत राशि वितरित करना शुरू कर दिया है. सभी डीएम को निर्देश दिए गए हैं कि जरूरतमंद परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसी अधिकारी द्वारा प्रभावित परिवारों की अनदेखी की गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

पंकज चतुर्वेदी

पंकज चतुर्वेदी

पंकज चतुर्वेदी पिछले 11 साल से देश और उत्तरप्रदेश की राजनीति को कवर करते आ रहे हैं. दिल्ली में अमर उजाला और पंजाब केसरी से पत्रकारिता की यात्रा की शुरुवात हुई.

दिल्ली में 2 साल की पत्रकारिता के बाद मिट्टी की खुशबू यूपी खींच लाई और तब से राजधानी लखनऊ में ही पत्रकारिता हो रही है. 2017 में यात्रा को विस्तार देते हुए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े. राजनीतिक खबरों में गहरी रुचि और अदंर की खबर को बाहर लाने का हुनर के साथ ही यूपी के ब्यूरोकेसी में खास पकड़ रखते हैं.

इनकी पत्रकारिता का फलसफा खबरों को खबर के रूप में ही आप तक पहुंचाना है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button