उत्तर प्रदेशभारत

2 दिन, 2 हमले और कई राउंड गोलियां… अब टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से फिर सुर्खियों में दिशा पाटनी का बरेली वाला घर

2 दिन, 2 हमले और कई राउंड गोलियां… अब टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से फिर सुर्खियों में दिशा पाटनी का बरेली वाला घर

2025 में दिशा पाटनी के घर हुई थी फायरिंग.

Bareilly News: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में हुई फायरिंग की घटना के बाद बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर हुए हमले की यादें ताजा हो गई हैं. सितंबर 2025 में दिशा के घर को लगातार दो दिन निशाना बनाया गया था. पहले दिन घर के बाहर गोली चलाई गई, जबकि अगले दिन बाइक सवार हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की थी. इस घटना के बाद शहर में काफी हलचल मची थी. पुलिस ने मामले की जांच करते हुए छह आरोपियों की पहचान की थी. इनमें से दो शूटर पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे, जबकि चार आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई थी. अब टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद एक बार फिर यह मामला चर्चा में है.

मुंबई में फायरिंग के बाद बरेली की घटना सुर्खियों में

18 अक्टूबर 2026 को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की गाड़ी को निशाना बनाकर फायरिंग किए जाने की खबर सामने आई. इस घटना के बाद फिल्मी सितारों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे. घटना की जांच मुंबई पुलिस कर रही है. इसी बीच बरेली में दिशा पाटनी के घर पर हुए हमले का मामला भी फिर चर्चा में आ गया है. दोनों घटनाओं में फिल्मी सितारों को निशाना बनाए जाने की बात सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है.

ये भी पढे़ं- शूटर का नाम और उम्र मैच फिर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले बेटे को पहचान क्यों नहीं रही मां?

चौपुला के पास घर पर हुई थी फायरिंग

दिशा पाटनी का पैतृक घर बरेली के सिविल लाइंस इलाके में चौपुला चौराहे के पास ओल्ड पुलिस लाइन क्षेत्र में है. 11 सितंबर 2025 की सुबह करीब साढ़े चार बजे बाइक सवार दो युवक घर के बाहर पहुंचे थे. उन्होंने गोली चलाई और फिर फरार हो गए. शुरुआत में परिवार को अंदाजा नहीं था कि अगले दिन इससे भी बड़ा हमला हो सकता है. 12 सितंबर की सुबह हमलावरों ने दोबारा घर को निशाना बनाया. इस बार करीब 10 से 12 राउंड गोलियां चलाई गईं. गोलियों के निशान घर की दीवार पर पड़ गए थे. घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे. दिशा के पिता जगदीश पाटनी रिटायर्ड डीएसपी हैं. उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी थी.

पहले रेकी, फिर दोबारा भेजे गए शूटर

पुलिस की जांच में सामने आया था कि हमलावरों ने वारदात से पहले इलाके की रेकी की थी. जांच के मुताबिक, पहले दिन दो नाबालिगों पर घर की रेकी करने और गोली चलाने का आरोप लगा था. इसके बाद अगले दिन दूसरे शूटरों ने घर पर कई राउंड फायरिंग की थी. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की.

ये भी पढे़ं- टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: टाइल्स लगाने का काम सीख रहा था सोनीपत का फूल सिंह, फिर कैसे पहुंचा मुंबई? परिवार हैरान

गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग का नाम आया

फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई थी. इसमें गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग की ओर से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था. पोस्ट में संत प्रेमानंद महाराज को लेकर की गई टिप्पणी को हमले की वजह बताया गया था. यह विवाद दिशा की बहन खुशबू पाटनी की टिप्पणियों से जुड़ा बताया गया था.

गाजियाबाद में मारे गए थे 2 शूटर

17 सितंबर 2025 को गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी इलाके में यूपी एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की संयुक्त कार्रवाई में दो शूटर रविंद्र उर्फ कुल्लू और अरुण मारे गए थे. दोनों पर दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग करने का आरोप था. इसके बाद मामले में दो नाबालिगों समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई. कुल छह आरोपियों की पहचान सामने आई थी.

दिशा पाटनी के घर पर सुरक्षा तैनात

दिसंबर 2025 में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी. इनमें दो नाबालिग भी शामिल बताए गए थे. दो शूटरों की मुठभेड़ में मौत हो चुकी थी. टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की ताजा घटना के बाद दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर सुरक्षा तैनात कर दी गई है. पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बीच घर और आसपास के इलाके पर नजर रखी जा रही है.

टाइगर और दिशा के रिश्ते भी रहे चर्चा में

टाइगर श्रॉफ और दिशा पाटनी के करीबी रिश्तों को लेकर बॉलीवुड में लंबे समय से चर्चाएं होती रही हैं. दोनों कई मौकों पर साथ दिखाई दिए हैं और फिल्मों में भी काम कर चुके हैं. मुंबई में टाइगर पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा के घर पर हुए हमले की पुरानी घटना फिर सुर्खियों में है.

मनवीर सिंह

मनवीर सिंह

मैं मनवीर सिंह 6 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं. 5 साल से टीवी9 भारतवर्ष न्यूज चैनल में सेवा दे रहा हूं. इससे पहले आजतक न्यूज चैनल के लिए भी काम किया है. क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरें पसंद हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button