14 साल की बेटी के साथ दुबई में फंसी लारा दत्ता लौटीं भारत, बोलीं- ‘ऐसा लगा एयरलिफ्ट 2 की शूटिंग हो रही है’

ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध के बीच कई लोग काफी समय से दुबई में फंसे हुए थे. जो एक एक कर लौट रहे हैं. इसमें आम लोगों से लेकर बड़े सेलेब्स का नाम भी शामिल है. बीते दिनों सोनल चौहान, ईशा गुप्ता जैसी एक्ट्रेसेज सुरक्षित भारत लौटीं. वहीं अब एक्ट्रेस लारा दत्ता भी दुबई में काफी दिनों तक फंसे रहने के बाद भारत लौट आई हैं. लारा ने वापस लौटते ही अपने एक्सपीरियंस को शेयर किया है और बताया है कि इतने दिन कैसे भयावह बीते हैं.
लारा ने सुनाई आपबीती
लारा दत्ता दुबई में अपनी 14 साल की बेटी सायरा के साथ फंसी हुई थीं. उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर इस बारे में बताया था. वहीं अब वापस लौटने के बाद एक्ट्रेस ने HT से बात की और अपने एक्सपीरियंस के बारे में बताया. एक्ट्रेस ने बताया कि जब हमले हो रहे थे तब वो अकेली अपनी बेटी के साथ दुबई में थीं और उनके पति लंदन में थे. एक्ट्रेस के अपने परिवार के साथ रहना था इस वजह से वो दो घंटे की ड्राइव करके रिस्क लेकर फुजैराह पहुंचीं.
‘हमें बहुत डर लग रहा था’
एक्ट्रेस ने बताया, ‘हम दुबई के जेबेल अली पोर्ट से सिर्फ 10 किलोमीटर दूर रहते थे, और वहां हर रोज बमबारी हो रही थी. इसलिए हमने सोचा कि रिस्क लेते हैं, क्योंकि मुझे अपने पति और परिवार के साथ रहना था. हम दो घंटे ड्राइव करके फुजैराह पहुंचे. ठीक एक दिन पहले ही फुजैराह पोर्ट और वहां के ऑयल रिफाइनरी पर बम गिराए गए थे. बहुत डर लग रहा था, ये झूठ नहीं बोलूंगी.’
‘एयरलिफ्ट 2’ के जैसा लगा
आगे एक्ट्रेस नेबताया कि, ‘मैं अपने को-स्टार अक्षय कुमार से मजाक कर रही थी कि लग रहा है जैसे हम एयरलिफ्ट 2 की शूटिंग कर रहे हों. हम एयरपोर्ट पर बम धमाकों की आवाज सुन रहे थे, बस यही दुआ थी कि हमें कहीं कुछ ना लग जाए. एयरलाइंस वालों को भी सलाम है. मुझे पूरा यकीन है कि मेरी बेटी को इस घटना के बाद कोई ना कोई ट्रॉमा तो जरूर रहेगा.’
क्यों किया था वीडियो शेयर?
अपने दुबई में फंसे होने की बात बताने के लिए एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया था. इसकी वजह बताते हुए एक्ट्रेस ने कहा, ‘शायद दूसरों को ये बेवकूफी लगे, लेकिन मैं अपनी बेटी के साथ अकेले वापस जाने वाली थी. मेरे लिए ये काफी खतरनाक सफर होने वाला था और हमें सच में नहीं पता था कि आगे क्या होने वाला है. यूएई में कभी किसी ने ऐसा कुछ नहीं देखा था. मैंने वो वीडियो इसलिए डाला था, क्योंकि मेरे दिमाग में बस 1% सोच थी कि शायद ये मेरी जिंदगी का आखिरी वीडियो हो सकता है जो बाहर जाएगा.’



