मनोरंजन

‘हमें अपनापन और सुरक्षा महसूस हुई’, बेटी के साथ दुबई में फंसी हैं लारा दत्ता, बोलीं- ‘भारत आने की कोशिश कर रही हूं’

ईरान पर इजरायल और अमेरिका के हमलों के बाद मिडिल ईस्ट का माहौल काफी बिगड़ गया है. सुरक्षा वजहों से कई जगहों पर एयरस्पेस बंद कर दिया गया. जिस कारण ढेर सारी फ्लाइट्स कैंसिल हो गईं. दुबई और आसपास के एयरपोर्ट पर काफी लोग फंसे हुए हैं. इन लोगों में कुछ बॉलीवुड सेलेब्स भी शामिल हैं, जो फिलहाल वहीं रुकने को मजबूर हैं और हालात ठीक होने का इंतजार कर रहे हैं. बता दें, एक्ट्रेस लारा दत्ता भी दुबई में फंसी हुई हैं.

हाल ही में लारा दत्ता ने बताया है कि वो इन दिनों अपनी बेटी सायरा के साथ दुबई में फंसी हुई हैं. मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच वो वहीं हैं, जबकि उनके पति महेश भूपति काम की वजह से उनके साथ नहीं हैं. लारा ने बताया कि शूटिंग के दौरान अचानक उन्हें धमाकों की आवाजें सुनाई देने लगीं और आसमान में मिसाइलों को जाता देखा. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिन काफी तनाव भरे रहे हैं.

लारा दत्ता ने शेयर किया वीडियो
लारा दत्ता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बीते कुछ दिनों के अपने अनुभव बताए. उन्होंने बताया कि हालात भले ही तनावपूर्ण रहे हों, लेकिन उन्हें वहां सुरक्षित महसूस हुआ. लारा ने वीडियो में कहा, ‘मैं आमतौर पर ऐसी चीजें पोस्ट करना पसंद नहीं करती.’ उन्होंने बताया कि ये वीडियो उन्होंने इसलिए शेयर किया ताकि पिछले कुछ तनाव भरे दिनों की घबराहट थोड़ी कम हो सके.

उन्होंने आगे कहा, ‘इजरायल-ईरान के बीच जो हालात बने हैं, उसकी शुरुआत से ही हम दुबई में हैं.’ लारा ने बताया कि 28 फरवरी को वो दुबई के एक स्टूडियो में शूटिंग कर रही थीं, तभी अचानक ऊपर से तेज धमाकों की आवाजें आने लगीं. उन्होंने कहा, ‘हम सब घबराकर स्टूडियो से बाहर भागे और देखा कि आसमान में मिसाइलों को रोका जा रहा था.’

लारा दत्ता ने की यूएई सरकार की तारीफ
यूएई सरकार की तारीफ करते हुए लारा ने कहा, ‘यहां की सरकार ने कमाल का काम किया है. हमारा पूरा ख्याल रखा गया. हमारी राष्ट्रीयता क्या है, इससे फर्क नहीं पड़ा. हमें महसूस हुआ कि हम यहां मायने रखते हैं और हमारी सुरक्षा सबसे पहले है. शहर में रहने वाले एक निवासी के तौर पर मैं कह सकती हूं कि सरकार हर संभव कोशिश कर रही है कि हम सुरक्षित रहें.’

लारा ने बताया कि वो भारत लौटने के लिए फ्लाइट्स देख रही हैं, लेकिन ऑप्शंस नहीं मिल रहे हैं. उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात की वजह से बच्चे थोड़े घबराए हुए हैं, इसलिए वो जल्द से जल्द भारत वापस आने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘हम कोई रास्ता निकाल लेंगे. जैसे भारत में भारत-पाकिस्तान तनाव के दौरान हमारे देश ने हमें सुरक्षित रखा था, वैसे ही यहां भी व्यवस्था अच्छी है.’



Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button