संजय कपूर की 30,000 करोड़ का प्रॉपर्टी विवाद, जाली वसीयत के आरोपों पर दिल्ली हाईकोर्ट ने सुरक्षित रखा फैसला

बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति और उद्योगपति संजय कपूर की जून में हुई मौत के बाद अब उनकी करीब 30,000 करोड़ की प्रॉपर्टी को लेकर परिवार में जबरदस्त विवाद सामने आया है. इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना आदेश सुरक्षित रख लिया है. संजय कपूर के करिश्मा कपूर से दो बच्चे समायरा कपूर और कियान राज कपूर ने अदालत का दरवाजा खटखटाया है.
सजंय कपूर की वसीयत को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में लगाया आरोप
करिश्मा कपूर के बच्चों का आरोप है कि संजय की मौत के बाद उनकी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर ने जो वसीयत पेश की है वो जाली और मनगढ़ंत हो सकती है. याचिका में कहा गया है कि वसीयत पर किया गया साइन भी संजय का नहीं लगता. बच्चों ने प्रॉपर्टी में अपने हक की मांग की है. याचिका में प्रिया कपूर पर बेहद तीखे आरोप लगाए गए हैं. उन्हें लालची बताया गया है और यहां तक कहा गया है कि उनका बर्ताव सिंड्रेला की सौतेली मां जैसा है.
सजंय कपूर की मां ने भी वसीयत को लेकर सवाल खड़े किए
दिल्ली हाई कोर्ट में संजय की मां रानी कपूर ने भी इस वसीयत को चुनौती दी है. रानी कपूर का कहना है कि उन्हें अपने बेटे की जिंदगी में कभी ऐसी किसी वसीयत की जानकारी नहीं दी गई और दस्तावेज में उनका नाम तक नहीं है. मामले में प्रिया कपूर की ओर से पेश वरिष्ठ वकील राजीव नायर ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया. उन्होंने अदालत को बताया कि प्रॉपर्टी की पूरी सूची दस्तावेजों के साथ पहले ही दाखिल की जा चुकी है.
प्रिया कपूर के वकील ने सभी दलीलों को बताया निराधार
दिल्ली हाई कोर्ट में प्रिया कपूर की तरफ से पेश वकील ने कहा कि संजय की सालाना कमाई 60 करोड़ बताना गलत है. एक कथित महंगी घड़ी रोलेक्स को लेकर उठे सवालों पर भी उन्होंने कहा कि जिस तस्वीर का हवाला दिया जा रहा है, वो फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट से ली गई है. बच्चों की ओर से सीनियर वकील महेश जेठमलानी ने कहा कि वसीयत में कई गंभीर खामियां हैं और संदेह पैदा होता है. उन्होंने अदालत से मांग की कि आखिरी फैसले तक प्रिया कपूर को प्रॉपर्टी बेचने या इस्तेमाल करने से रोका जाए.
दिल्ली हाई कोर्ट ने सभी की दलीलों के बाद फैसला सुरक्षित रखा
दिल्ली हाई कोर्ट में जस्टिस ज्योति सिंह ने साफ किया कि अब कोई नई दलील या दस्तावेज स्वीकार नहीं किए जाएंगे और अदालत जल्द ही अपना फैसला सुनाएगी. ऐसे में देखना बेहद अहम है कि सजंय कपूर की वसीयत को लेकर हुए घमासान पर अब अदालत अपना फैसला सुनाती है.



