उत्तर प्रदेशभारत

शादी का झांसा दिया, फिर महीनों तक किया दुष्कर्म… अब दूसरी लड़की के साथ लिए 7 फेरे

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के कदौरा थाना क्षेत्र से युवती के साथ धोखा और दुष्कर्म का बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. युवती ने गांव के ही युवक पर शादी का झांसा देकर कई महीनों तक शारीरिक शोषण करने और फिर दूसरी युवती से गुपचुप शादी कर लेने का गंभीर आरोप लगाया है. मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है.

पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि गांव का ही युवक स्वदेश कुमार लंबे समय से उससे प्रेम करता था. युवक ने पहले दोस्ती बढ़ाई और फिर प्यार का इजहार किया. इसके बाद शादी का झांसा देकर उसने युवती से शारीरिक संबंध बनाए. पीड़िता का आरोप है कि जब भी वह शादी की बात करती, युवक बहाने बनाकर बात को टालता रहा. इसी दौरान युवक ने भरोसे का फायदा उठाकर कई बार उसका शारीरिक शोषण किया.

चोरी-छिपे की दूसरी युवती से शादी

युवती ने बताया कि कुछ समय बाद जब उसने युवक पर दबाव बनाया तो स्वदेश ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी. बाद में उसे पता चला कि युवक ने चुपचाप किसी अन्य युवती से शादी कर ली है. यह खबर सुनते ही पीड़िता के होश उड़ गए. उसने जब अपने घरवालों को इस बारे में बताया तो परिवार में भी तनाव और दुख का माहौल बन गया.

पीड़िता के परिजनों ने बताया कि युवती पिछले कुछ महीनों से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी. वह चुपचाप रहने लगी थी और किसी से ठीक से बात भी नहीं करती थी. जब उसकी हालत लगातार बिगड़ने लगी तो परिजनों ने जबरदस्ती उससे पूरी बात पूछी. इसके बाद उसने जो आपबीती बताई, उससे घरवालों के पैरों तले जमीन खिसक गई.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पीड़िता परिजनों के साथ कदौरा थाने पहुंची और पूरे मामले की लिखित शिकायत दी. कदौरा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार सिंह ने कहा कि युवती की तहरीर पर आरोपी स्वदेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसका बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज किया गया है.

पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, इस घटना को लेकर इलाके में चर्चा और रोष का माहौल बना हुआ है.



Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button