वैलेंटाइन वीक में फिर सिनेमाघरों में गर्दा उड़ाएगी साल 2025 की सबसे बड़ी रोमांटिक फिल्म, जानें-कब री-रिलीज होगी ‘सैयारा’?

अनीत पड्डा और अहान पांडे की फिल्म ‘सैयारा’ रिलीज होते ही लोगों और क्रिटिक्स की तारीफें बटोर चुकी है. मोहित सूरी की डायरेक्शन में बनी ये रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर हिट रही बल्कि 2025 की टॉप 5 फिल्मों में भी शामिल हो गई है. फिल्म ने इन युवा एक्टर्स को रातों-रात स्टार बना दिया था. और अब लंबे समय बाद क्लासिक लव स्टोरी अपना जादू बिखेरने वापस आ रही है.
नेटफ्लिक्स और री-रिलीज
50 दिनों से ज्यादा सिनेमाघरों में सफल रहने के बाद ‘सैयारा’ 12 सितंबर 2025 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी. अब वैलेंटाइन डे 2026 के मौके पर फिल्म 7 फरवरी से 13 फरवरी तक भारत के कुछ चुनिंदा सिनेमाघरों में फिर से दिखाई जा रही है. बड़े शहरों में इसके कुछ शो अभी भी चल रहे हैं. YRF प्रोडक्शन कंपनी ने बिना किसी बड़े नोटिस के फिल्म की री-रिलीज का प्लान किया और फैंस को ये सरप्राइज दे दिया.
लिमिटेड स्क्रीनिंग और टिकटिंग
BookMyShow के अनुसार सैयारा मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और पुणे जैसे मेट्रो शहरों में लिमिटेड स्क्रीनिंग के लिए दिखाई जा रही है. मुंबई में फिल्म पूरे वीकेंड देखी जा सकती है जबकि दिल्ली में लोग इसे बुधवार तक देख सकते हैं. री-रिलीज के लिए टिकट की कीमतें भी काफी वाजिब रखी गई हैं जिससे फैंस आसानी से फिल्म का मजा ले सकते है.
अनीत और अहान का अनुभव
फेमिना के साथ हाल ही में बातचीत में अनीत पड्डा ने फिल्म की सफलता और लोगों की प्रतिक्रियाओं के बारे में अपनी भावनाएं शेयर की थी. लोगों की राय देखना उनके लिए इमोशनल था लेकिन उन्होंने प्रेशर को संभालना सीख लिया था. अनीत ने बताया कि उनके को-स्टार अहान ने हर पल उन्हें सपोर्ट किया और एक-दूसरे को याद दिलाते रहते थे कि ‘चलो दुनिया को ऐसा प्यार दिखाते हैं जिसे वो भूल गए हैं.’
फिल्म की कहानी और कमाई
सैयारा वाणी बत्रा की कहानी है जो एक पत्रकार है और कृष कपूर जो एक लीडिंग सिंगिंग स्टार बनना चाहता है. दोनों के रास्ते मिलते हैं और वे प्यार में पड़ जाते हैं लेकिन उनके रोमांस को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. फिल्म दिखाती है कि प्यार मुश्किलों पर कैसे जीत सकता है. सैयारा ने भारत में 398.25 करोड़ रुपये और दुनिया भर में कुल 569.75 करोड़ रुपये की कमाई की जो इसे 2025 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक बनाती है.



