मनोरंजन

‘मेरा पूरा दिन खराब हो गया’, आपत्तिजनक कमेंट्स के बाद गौतमी कपूर ने लिया सोशल मीडिया से ब्रेक

टीवी और फिल्मों में अपने अभिनय से पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस गौतमी कपूर इन दिनों सोशल मीडिया से दूर हैं. गौतमी ने पिछले दो महीनों से इंस्टाग्राम पर कुछ भी पोस्ट नहीं किया है. अब उन्होंने खुद सामने आकर बताया है कि आखिर उन्होंने ये ब्रेक क्यों लिया. गौतमी ने बॉम्बे टाइम्स से बातचीत में खुलासा किया कि उन्हें लगातार भद्दे और अपमानजनक कमेंट्स मिल रहे थे. सुबह उठते ही जब वो फोन देखती थीं, तो सबसे पहले नेगेटिव बातें पढ़ने को मिलती थीं.

आपत्तिजनक कमेंट्स ने किया परेशान

गौतमी ने कहा कि इस पड़ाव पर उन्हें किसी की पहचान की जरूरत नहीं है. वो अपने परिवार और अपने छोटे से सर्कल में खुश हैं. लेकिन जब बात उनके करीबियों तक पहुंची और उनके बारे में भी गलत बातें लिखी जाने लगी, तब उन्हें लगा कि अब दूरी बनाना ही बेहतर है. इंस्टाग्राम से दूर रहने के बाद उन्होंने महसूस किया कि उनके पास बहुत सारा वक्त और सुकून है. गौतमी ने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक सुबह जब उन्होंने अपनी रील्स चेक की, तो सबसे ऊपर एक गंदा और आपत्तिजनक कमेंट था. वो इतना आपत्तिजनक था कि उनका पूरा दिन खराब हो गया. उन्हें लगा कि वो इस तरह की नेगेटिविटी की हकदार नहीं हैं. उसी वक्त से वो अपनी निजी जिंदगी को सोशल मीडिया से दूर रखती है. हालांकि जब उनके पास अपने काम से जुड़ी कोई बात होगी, तभी वो दोबारा सोशल मीडिया पर लौटेंगी.

इंस्टाग्राम फॉलोअर्स से मिलते हैं प्रोजेक्ट्स?

गौतमी ने ये भी कहा कि आजकल इंडस्ट्री में प्रोजेक्ट्स मिलने में इंस्टाग्राम फॉलोअर्स जरूरी हिस्सा बन गया है. उन्होंने हमेशा ऑर्गेनिक तरीके से फॉलोअर्स बनाए हैं. उन्हें समझ नहीं आता कि किसी कलाकार की मेहनत और अनुभव को उसके सोशल मीडिया फॉलोअर्स से कैसे तौला जा सकता है. बता दें, गौतमी कपूर लंबे समय से टीवी इंडस्ट्री का हिस्सा रही हैं और कई शोज में काम कर चुकी हैं. हाल ही में वह फिल्म ‘दे दे प्यार दे 2’ को लेकर भी चर्चा में रही थी.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button