मनोरंजन

मेधा राणा ने याद किए ‘बॉर्डर 2’ के सेट के खास पल, वरुण धवन को बताया सपोर्टिव और फ्रेंडली

बॉर्डर 2 दर्शकों का दिल जीत रही है और बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन कर रही है. हाल ही में फिल्म में वरुण धवन के साथ नजर आईं मेधा राणा ने उनके साथ काम करने का एक्सपीरियंस शेयर किया. उन्होंने बताया कि जब उन्हें अपने कास्ट होने की खबर मिली, तो वह पल उनकी ज़िंदगी के सबसे यादगार दिनों में से एक था.

मेधा राणा ने वरुण धवन को लेकर की बात
ANI से बातचीत में मेधा राणा ने वरुण धवन के साथ काम करने का अपना एक्सपीरियंस शेयर किया. उन्होंने कहा कि वरुण के साथ काम करना बहुत अच्छा और दिलचस्प रहा. मेधा के मुताबिक, वरुण बहुत अच्छे स्वभाव, फ्रेंडली और सपोर्टिव को-एक्टर हैं. उन्होंने बताया कि जब वह पहली बार सेट पर गई थीं तो वह काफी नर्वस और डरी हुई थीं, लेकिन वरुण ने उन्हें आराम महसूस कराया. मेधा ने कहा कि वरुण की खास बात यह है कि वह कभी यह महसूस नहीं होने देते कि वह इतने बड़े स्टार हैं, बल्कि वह अपने आसपास मौजूद हर इंसान को सहज और सामान्य महसूस कराते हैं. यही एक्सपीरियंस उनके साथ भी रहा.

देने पड़े थे कई ऑडिशन 
एक्ट्रेस ने आगे बताया कि उन्हें इस फ़िल्म के लिए कई राउंड के ऑडिशन देने पड़े थे. पहले फेज में उन्होंने कम से कम दो से तीन ऑडिशन दिए. इसके बाद उन्हें मशहूर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा और फ़िल्म के डायरेक्टर अनुराग के साथ मीटिंग के लिए बुलाया गया.

मेधा ने कहा कि उस मीटिंग में दोनों ने उन्हें बधाई दी और बताया कि वह फ़िल्म के लिए सेलेक्ट हो चुकी हैं. उन्होंने कहा, ‘मुझे वह दिन आज भी साफ-साफ याद है. जब मैं उनसे मिलने गई तो मुझे यक़ीन ही नहीं हो रहा था. मैं बहुत इमोशनल हो गई और उनके सामने ही रो पड़ी, क्योंकि वह पल मेरे लिए बिल्कुल सपने जैसा था.’

बॉर्डर 2 बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
बता दें, सात दिन पूरे होने के बाद बॉर्डर 2 की कमाई में थोड़ी गिरावट देखी गई है. इंडस्ट्री ट्रैकर सैक्निल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने सातवें दिन 11.25 करोड़ की कमाई की. इसके साथ ही भारत में फिल्म का टोटोल कलेक्शन 224.25 करोड़ तक पहुंच गया है.

बॉर्डर 2 के बारे में
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी बॉर्डर 2 एक वॉर ड्रामा फ़िल्म है, जो जेपी दत्ता की 1997 में आई मशहूर फ़िल्म बॉर्डर का सीक्वल है. पहली फ़िल्म की कहानी 1971 के भारत-पाक युद्ध पर बेस्ड थी, और दूसरी फ़िल्म भी उसी जज़्बे को आगे बढ़ाती है. इस फ़िल्म को भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता ने प्रोड्यूस किया है और इसे टी-सीरीज ने प्रेजेंट किया है.

बॉर्डर 2 में भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के जवानों की बहादुरी और देश के लिए उनके बलिदान को दिखाया गया है. फ़िल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी के साथ-साथ अन्या सिंह, मेधा राणा, मोना सिंह और सोनम बाजवा जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं.



Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button