उत्तर प्रदेशभारत

मूंगफली समझकर खा गए जहरीला बीज… श्रावस्ती में 30 बच्चों की बिगड़ गई तबीयत, 10 गंभीर

मूंगफली समझकर खा गए जहरीला बीज... श्रावस्ती में 30 बच्चों की बिगड़ गई तबीयत, 10 गंभीर

बच्चों का अस्पताल में चल रहा इलाज

उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में 30 बच्चों की हालत एक साथ खराब हो गई. बच्चों ने गलती से जहरीले बीज खा लिए थे, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद सभी बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. बच्चों का इलाज शुरू किया गया, लेकिन 10 बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है. डॉक्टरों ने बताया कि बच्चों ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई.

दरअसल, ये बच्चे खेत में घूमने गए थे. तभी उनकी नजर जहरीले बीजों पर पड़ी. सभी बच्चों ने उन जहरीले जंगली बीजों को मूंगफली समझकर खा लिया. उन्हें इस बात अंदाजा नहीं था कि ये बीज कितने खतरनाक साबित हो सकते हैं. बीज खाने के बाद देर रात सभी बच्चों की अचानक हालत खराब होने लगी. बच्चों की तबीयत बिगड़ती देख सभी परिजन एक के बाद एक सभी बच्चों को लेकर जिला अस्पताल में इमरजेंसी में लेकर पहुंचे, जहां पर बच्चों का इलाज शुरू किया गया. इनमें से करीब 10 बच्चों की अभी भी हालत गंभीर बनी हुई है.

मूंगफली समझकर खा गए रण का बीज

उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती के भिनगा के केशवपुर से ये घटना सामने आई है, जहां देर शाम जंगली क्षेत्र के खेतों में घूम रहे 30 बच्चों ने रण के बीज को मूंगफली समझ कर खा लिया. इससे देर रात सभी बच्चों की अचानक तबीयत खराब हो गई. हालात गंभीर होते देख आनन फानन में सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया. ऐसे में 30 बच्चों की तबीयत बिगड़ती देख डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया.

10 बच्चों की हालत गंभीर

इलाज के बाद 20 बच्चों की हालत थोड़ी ठीक हो गई, लेकिन 10 बच्चों की देर रात तक हालत नाजुक बनी रही. हालांकि, सभी बच्चों का इलाज अभी भी अस्पताल में चल रहा है. इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टर एम एम सोनकर ने बताया कि सभी बच्चों ने जहरीला पदार्थ खाया था. सभी बच्चों का जिला अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है और उनका इलाज जारी है.

(रिपोर्ट- अम्मार रिजवी/श्रावस्ती)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button