ये बरेली स्मार्ट सिटी का ‘स्मार्ट’ काम, 10 फीट गहरे गड्ढे में बदली नई सड़क; Video वायरल

वीआईपी रोड पर धंसी सड़क.
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत कराए जा रहे निर्माण कार्यों पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. आज बरेली कॉलेज के पास अचानक सड़क धंस गई. देखते ही देखते करीब 30 फीट चौड़ा हिस्सा नीचे बैठ गया और लगभग 10 फीट गहरा गड्ढा बन गया. सड़क पर पहले लंबी-लंबी दरारें दिखाई दीं और कुछ ही देर बाद पूरी लेन धंस गई. घटना के समय वहां से कोई रोडवेज बस या भारी वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने तुरंत पुलिस और संबंधित विभाग को सूचना दी. मौके पर पहुंची टीमों ने सुरक्षा के लिए पूरे इलाके की बैरिकेडिंग कर दी और सड़क पर आवाजाही रोक दी. इसके बाद ट्रैफिक को दूसरे रास्तों से डायवर्ट किया गया.
रोडवेज बस स्टैंड के पास मचा हड़कंप
जिस स्थान पर सड़क धंसी है, वह रोडवेज बस स्टैंड के बेहद करीब है. इस मार्ग से हर दिन सैकड़ों रोडवेज बसें और हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं. सड़क धंसने से कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. आसपास के लोगों का कहना है कि अगर यह घटना व्यस्त समय में होती तो कई वाहन गड्ढे में गिर सकते थे और बड़ा हादसा हो सकता था.
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस सड़क का निर्माण कुछ दिन पहले ही कराया गया था. इससे पहले यहां सीवर लाइन का काम भी हुआ था. नई बनी सड़क का इतने कम समय में धंस जाना लोगों के लिए हैरानी की बात है. लोगों का कहना है कि जब नई सड़क का यह हाल है तो निर्माण कार्य की गुणवत्ता और उसकी निगरानी पर सवाल उठना स्वाभाविक है.
सीवर लाइन में खराबी की आशंका
जानकारी के अनुसार, सड़क धंसने की एक बड़ी वजह सीवर लाइन में आई खराबी या उसके चोक होने को माना जा रहा है. आशंका है कि सीवर लाइन के नीचे मिट्टी का कटाव होने से सड़क का आधार कमजोर पड़ गया और अचानक पूरी लेन धंस गई. हालांकि अधिकारी अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंचे हैं. उनका कहना है कि तकनीकी जांच के बाद ही सड़क धंसने की असली वजह सामने आएगी.
यह सड़क शहर की सबसे व्यस्त और वीआईपी सड़कों में गिनी जाती है. इसी मार्ग पर बरेली कॉलेज, फायर विभाग का कार्यालय और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य समेत कई अधिकारियों के सरकारी आवास भी हैं. सड़क बंद होने के कारण आसपास के इलाकों में जाम की स्थिति बन गई. रोडवेज बसों सहित अन्य वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया.
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया. सुरक्षा को देखते हुए पूरे क्षेत्र को घेर दिया गया है. अब सड़क धंसने के कारणों की जांच के साथ मरम्मत की तैयारी शुरू कर दी गई है. इस घटना के बाद स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर लोग स्मार्ट सिटी पर सवालिया निशान खड़े कर रहे हैं.





