बांदा में तेज रफ्तार ट्रेक का कहर… साइकिल सवार दो छात्रों को मारी टक्कर; 1 की मौत


बांदा जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर सामने आया है. तेज रफ्तार एक ट्रक की टक्कर से एक स्कूली छात्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया. मृतक छात्र अपने भाई से साथ स्कूल से परीक्षा देकर आ रहा था. हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और ट्रक में तोड़फोड़ भी की. घटना जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र की है.
हादसा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत महोखर में अंध विद्यालय के पास हुआ. मृतक छात्र की पहचान हिमांशु (16) पुत्र अवधेश के रूप में हुई है, जो कक्षा 8 का छात्र था. बताया जा रहा है कि वह अपने भाई पुष्पेंद्र के साथ सरस्वती प्रकाश मंदिर से परीक्षा देकर साइकिल से घर लौट रहा था.
30 फीट तक घसीटता ले गया ट्रक
इसी दौरान बांदा से महोखर की ओर जा रहे गिट्टी से भरे एक ओवरलोड ट्रक ने पीछे से उनकी साइकिल को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हिमांशु करीब 30 फीट तक घसीटता चला गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं उसका भाई पुष्पेंद्र घायल हो गया.
ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों सड़क जाम कर दिया और गुस्से में ट्रक के शीशे भी तोड़ दिए, जिस कारण काफी देर तक यातायात्र बाधित रहा. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. उसके बाद यातायात बहाल हुआ. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया और घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है.
बताया जाता है कि घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. इस संबंध में मेविस टॉक अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.
