विश्व

पाकिस्तान के पूर्व PM इमरान खान की हो सकती है हत्या? बेटों को सताया डर, पिता से हुई बात- बोले- ‘वो अब्बा को…’

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जेल में सेहत बिगड़ने की खबरों से एक बार फिर राजनीतिक तनाव बढ़ गया है. लंदन में रह रहे उनके दोनों बेटों सुलेमान खान और कासिम खान ने गंभीर चिंता जताई है कि उनके पिता की दाहिनी आंख की रोशनी काफी कम हो गई है और जेल प्रशासन उन्हें बेहतर इलाज नहीं दे रहा. उन्हें डर है कि हालत और खराब हो सकती है और पिता को ‘जान से मारा भी जा सकता है.’

पाकिस्तान में इमरान के बेटों की एंट्री बैन

इमरान खान के बेटों ने रॉयटर्स को दिए इंटरव्यू में बताया कि वे पिछले महीने वीजा के लिए आवेदन कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है. उनका मानना है कि पाकिस्तानी ‘एस्टेब्लिशमेंट’ को डर है कि अगर वे पाकिस्तान गए तो दुनिया का ध्यान इमरान खान की स्थिति पर ज्यादा जाएगा.

सुलेमान और कासिम ने कहा, ‘हमारे अब्बा की सेहत दिन-ब-दिन खराब हो रही है. हमें डर है कि उन्हें सही इलाज नहीं मिल रहा.’ कासिम ने भावुक होकर कहा, ‘उनसे इतने समय तक दूर रहना बहुत मुश्किल है. हमारी सबसे बड़ी चिंता उनका स्वास्थ्य है, लेकिन उनकी आजादी, मानवाधिकार और निष्पक्ष सुनवाई भी बड़े मुद्दे हैं.’

स्वास्थ्य की स्थिति और इलाज पर विवाद

इमरान खान के वकील ने पिछले हफ्ते पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट को बताया कि जेल में उनकी दाहिनी आंख में खून का थक्का (ब्लड क्लॉट) बनने से रोशनी काफी कम हो गई है. रिपोर्ट में कहा गया कि अब सिर्फ 15% रोशनी बची है, जबकि 85% नुकसान हो चुका है. अक्टूबर 2025 तक उनकी आंखें सामान्य (6/6 विजन) थीं, लेकिन उसके बाद धुंधलापन, पानी आना और असुविधा शुरू हुई. इलाज के बावजूद सुधार सीमित है.

सुप्रीम कोर्ट ने 12 फरवरी को विशेषज्ञ जांच के आदेश दिए थे. सोमवार (16 फरवरी 2026) को मेडिकल बोर्ड ने रिपोर्ट दी कि इलाज (इंजेक्शन सहित) के बाद सूजन कम हुई है और रोशनी में सुधार हुआ है. लेकिन बेटे इस रिपोर्ट पर शक करते हैं. उन्होंने कहा कि इमरान खान ने गुरुवार (सितंबर के बाद पहली बार) फोन पर बात की, जिसमें वे हताश थे और बताया कि कई महीनों से आंख के इलाज से मना किया जा रहा था.

इमरान के बेटों ने मांग की है कि उनके पिता को बेहतर मेडिकल सुविधा दी जाए और उन्हें जल्दी ही अस्पताल शिफ्ट किया जाए. प्राइवेट डॉक्टरों से मिलने की इजाजत हो और दोनों बेटों को तुरंत पाकिस्तान का वीजा मिले.

इमरान को जेल गए करीब 4 साल हो जाएंगे

इमरान खान अगस्त 2023 से अदियाला जेल में बंद हैं. अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव से सत्ता से हटाए जाने के बाद उन पर कई मामले दर्ज हैं, जिन्हें PTI राजनीतिक साजिश बताती है. नवंबर 2022 में उन पर जानलेवा हमला हुआ था, उसके बाद बेटों ने उन्हें नहीं देखा. जेल में वे लंबे समय से एकांत में हैं. पाकिस्तान में इमरान खान का नाम या तस्वीर दिखाना प्रतिबंधित है और जेल जाने के बाद सिर्फ एक सार्वजनिक फोटो आई है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button