पति के फोन पर आया पत्नी का गंदा वीडियो, फिर युवती ने बताई शादी के पहले का ‘टॉर्चर’; सच्चाई जानकर उड़े होश

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज किया केस
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के जंगीपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां एक युवक पर आरोप है कि उसने एक तरफा प्यार में एक विवाहिता का नहाते समय चोरी-छिपे आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और बाद में उसे उसके पति के मोबाइल पर भेज दिया, ताकि उसकी शादी टूट जाए. हालांकि पति ने समझदारी दिखाते हुए पत्नी पर भरोसा किया और पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
जंगीपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की शादी करीब दो माह पहले बरेसर थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती से हुई थी. विवाह से पहले उसी गांव का रहने वाला एक अन्य युवक सूरज, युवती से एकतरफा प्यार करता था. युवती के मुताबिक, वह पहले भी उससे छेड़छाड़ कर चुका था, जिसकी शिकायत थाने में दी गई थी. उस समय दोनों पक्षों में समझौता हो गया था, लेकिन आरोपी की हरकतें बंद नहीं हुईं.
नहाते समय वीडियो बनाया
पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर उसका नहाते समय वीडियो बना लिया. बाद में शादी तय होने पर उसने यह वीडियो युवती के होने वाले पति के मोबाइल नंबर पर भेज दिया, ताकि रिश्ता टूट जाए. इस घटना को लेकर दोनों परिवारों में तनाव भी हुआ, लेकिन युवती ने हिम्मत दिखाते हुए अपने होने वाले पति को पूरी सच्चाई बता दी. पति ने स्थिति को समझा और उस पर विश्वास करते हुए विवाह किया.
विवाहिता ने यह भी बताया कि आरोपी युवक उस पर कई बार गलत संबंध बनाने का दबाव डाल चुका था. मना करने पर वह उसे बदनाम करने की धमकी देता था. इतना ही नहीं, गांव या बाजार में आने-जाने के दौरान भी वह पीछा करने और बात करने की कोशिश करता था. विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी देता था.
पुलिस ने दर्ज किया केस
अब पीड़िता ने बरेसर थाने में लिखित शिकायत दी है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
