उत्तर प्रदेशभारत

नोएडा: दहेज में नहीं मिला फ्लैट तो हैवान बना पति, गर्भवती पत्नी की गला घोंट की हत्या; आरोपी सहित 6 पर FIR

ग्रेटर नोएडा से दहेज के लिए हत्या का एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया हैं. मृतका के परिजनों ने शादी में 50 लाख रुपए खर्च किए के बावजूद भी पति व उसके परिवार के लोगों का लालच खत्म नहीं हुआ. आरोपियों ने दहेज में फ्लैट और मकान की मांग की थी, मांग पूरी नहीं होने पर पति ने अपने परिवार के लोगों के साथ मिलकर गर्भवती विवाहिता को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. उसके बाद उसकी गला घोट कर हत्या कर दी. ग्रेटर नोएडा की जारचा थाना पुलिस ने पति, सास और ससुर समेत 6 लोगों पर दहेज और हत्या का मुकदमा दर्ज किया है.

जानकारी के मुताबिक, नोएडा के गीजोहड़ गांव निवासी दीपचंद ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी शिवानी की शादी 6 मार्च 2025 को जारचा थाना क्षेत्र के एनटीपीसी निवासी लोकेश से की थी. शादी में उन्होंने भारी भरकम दहेज दिया था और शादी में कार, पांच लाख रुपये नगद, 25 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी व अन्य कीमती सामान दिया था, जिसमें करीब 50 लाख रुपए खर्च हुआ था. इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग सन्तुष्ट नहीं हुए दीपचंद का आरोप है की शादी के कुछ समय बाद ही शिवानी को ससुराल में फ्लैट दिलाने और मकान बनाने के लिए पैसों की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा. इस पर कई बार परिवार के लोगों ने बेटी के ससुराल वालों को समझाने का प्रयास भी किया लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ.

मां को दी प्रताड़ित किए जाने की जानकारी

31 जनवरी 2026 को शिवानी ने अपनी मां को फोन करके बताया कि उसका पति लोकेश, सुसर गोपाल, सास सावित्री, जेठ उमेश और जेठानी पिंकी उसे दहेज के लिए परेशान कर रहे हैं. मां ने बेटी को दिलासा दिया है और कहा कि उसके पिता अगले दिन बात करने आएंगे, तुम फिकर ना करो. इसके बाद अचानक 1 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 1 बजे परिवार को फिर से फोन आया कि शिवानी की तबीयत खराब है और उसे एनटीपीसी अस्पताल ले जाया गया है.

सूचना मिलते ही पिता और परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे अस्पताल पहुंचने पर देखा कि शिवानी की मौत हो चुकी थी. पिता का आरोप है कि उनकी बेटी की गला घोटकर हत्या की गई है. उसके शरीर पर चोट के निशान थे और हाथ के अंगूठे पर नीली स्याही के निशान भी पाए गए. बताया गया कि शिवानी गर्भवती भी थी.

छह लोगों पर केस दर्ज

जारचा थाना प्रभारी ने बताया कि अस्पताल से मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई थी. मृतक को अस्पताल उसका जेठ लेकर पहुंचा था जिसने दावा किया है कि शिवानी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है. हालांकि, परिजनों के गंभीर आरोपों के बाद पुलिस ने पति, सास, ससुर समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button