देव दीपावली पर जगमगाएगी काशी, 11 टन फूलों से सजेगा बाबा विश्वनाथ का दरबार | Dev Diwali 2023 Kashi Baba Vishwanath temple decorated with 11 tons of flowers

देव दीपावली
Dev Diwali 2023: देव दीपावली के लिए वाराणसी सज धज कर तैयार है. बनारस के घाटों पर दीप की क़तार लग गई है. काशी के विश्वनाथ मंदिर को भी और भव्य और दिव्य बनाने की तैयारी है. मंदिर को ऐसे सजाया जा रहा है जैसा कॉरिडोर के लोकार्पण के समय हुआ था. काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर को 11 टन फूलों से सजाने का काम चल रहा है. इसके अलावा 27 नवंबर को देव दीपावली की शाम श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर भव्य लेजर शो का आयोजन भी योगी सरकार की ओर से किया जा रहा है.
इसमे विश्वनाथ धाम, काशी और भगवान शिव की धार्मिक कथा और गाथा को पर्यटक देख और सुन पाएंगे. श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील वर्मा ने बताया कि गंगा द्वार पर लेजर शो के माध्यम से धाम पर आधरित, काशी के महत्व और कॉरिडोर के निर्माण सम्बंधित जानकारी को प्रदर्शित किया जाएगा. लेजर शो की अवधि 5 मिनट की होगी, जो कई बार प्रसारित किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- डमरू, त्रिशूल और बेल पत्र… काशी स्टेडियम को मिलेगी इंटरनेशनल पहचान
लेजर शो का आयोजन
लेजर शो इस तरह से कराया जा रहा है, जिससे नौकायन करने वाले और घाटों पर मौजूद लोग आराम से देख सकें. उन्होंने बताया कि काशी की विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली के मौके पर वाराणसी आने वाले पर्यटक श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में हाज़िरी जरूर लगाते हैं.
खूब सजेगा बाबा का दरबार
ऐसे में भक्तों के स्वागत के लिए बाबा के दरबार को आकर्षक देसी-विदेशी फूलों से सजाया जा रहा है. विशाखापटनम के एक व्यवसायी बाबा के धाम को 11 टन फूलों से सजवा रहे हैं. महादेव के धाम को सजाने के लिए फूल कोलकोता, बंगलुरू और विदेशों से आ रहा है.
