उत्तर प्रदेशभारत

दिल्ली-NCR में सांस लेना मुश्किल, 23 इलाकों में AQI 400 पार, ठंड भी पसार रही पैर, जानें 10 राज्यों का मौसम

दिल्ली-NCR में सांस लेना मुश्किल, 23 इलाकों में AQI 400 पार, ठंड भी पसार रही पैर, जानें 10 राज्यों का मौसम

दिल्ली में गिरेगा तापमान

दिल्ली में ठंड बढ़ती जा रही है और लगातार तापमान में गिरावट हो रही है. आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम विभाग की ओर से दिल्ली में अगले 5 दिन धुंध छाए रहने की संभावना है. आने वाले दिनों में दिल्ली के तापमान में और गिरावट होने की संभावना है, जिसके बाद ठंड में और इजाफा होगा.

वहीं ठंड के साथ-साथ दिल्ली का AQI भी लगातार 300 से 400 के बीच बना हुआ है और हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में है. आज भी दिल्ली का AQI 391 है, जो बहुत खराब स्थिति में है. दिल्ली वालों को ठंड के साथ-साथ प्रदूषण भी झेलना पड़ रहा है. ऐसे में लोगों को सर्दी जुकाम के साथ-साथ, आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ जैसे स्वास्थ्य समस्याएं हो रही हैं.

रेड जोन में 23 इलाके

दिल्ली के कई इलाके आज भी रेड जोन में हैं, जहां 23 इलाकों में AQI 400 के पार है. इनमें सबसे ज्यादा वजीरपुर और बवाना का AQI 436 है. वहीं रोहिणी का 435, अलीपुर का 414, आनंद विहार का 412, अशोक विहार का 416, बुराड़ी क्रॉसिंग का 430, चांदनी चौक का 410, मथुरा रोड का 418, कर्णी सिंह का 406, ITO का 420, जहांगीरपुरी का 433, मुंडका का 420, नरेला का 419, नेहरू नगर का 426, नॉर्थ कैंपस का 403, ओखला फेज 2 का 405, पटपड़गंज का 425, पंजाबी बाग का 415, पूसा का 407, आरके पुरम का 421, सीरीफोर्ट का 402, सोनिया विहार का 415 और विवेक विहार का 424 है.

वहीं दिल्ली के साथ-साथ नोएडा में 392, गाजियाबाद में 387 और गुरुग्राम में 254 AQI है. मौसम विभाग की ओर से इन इलाकों में अगले 5 दिन तापमान में गिरावट होने की संभावना है, जिसके चलते यहां ठंड में और इजाफा होगा. वहीं कुछ राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. 9 से 13 नवंबर के दौरान तमिलनाडु, केरल और माहे में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है.

शीतलहर चलने की संभावना

9 और 10 नवंबर को पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की संभावना है. दक्षिणी पंजाब और दक्षिण हरियाणा के कुछ हिस्सों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम और सामान्य से लगभग 4-7 डिग्री सेल्सियस कम रहने का अनुमान है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात का तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस कम रहने का अनुमान है. अगले 6-7 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और आसपास के क्षेत्र में रात का तापमान सामान्य से 2-5 डिग्री सेल्सियस कम रहने की संभावना है.

अगले 2 दिनों के दौरान विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों के न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है और अगले 5 दिनों के दौरान कोई खास बदलाव नहीं होगा. केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है. पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान है. हिमाचल के कुछ इलाकों का तापमान माइनस में पहुंच गया है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button