मथुरा के वृंदावन में यमुना में पलटा स्टीमर, 6 लोगों की मौत; 16 को बचाया गया… कई अभी भी लापता


Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. यहां श्रृंगार घाट के पास एक स्टीमर पलटने से करीब एक दर्जन लोग लापता हो गए. स्टीमर में करीब 25 लोग सवार थे, जिनमें से कई के डूबने की आशंका जताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई है.
बता दें कि रेस्क्यू टीम ने अभी तक यमुना नदी से 13 लोगों को बाहर निकाल लिया है. इनमें से पांच की हालत तो ठीक है, लेकिन आठ की स्थिति गंभीर है. सभी को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं अन्य बचे 12 लोगों की तलाश जारी है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, रेस्क्यू टीम द्वारा यमुना नदी से छह लोगों के शव निकाले गए हैं. हालांकि अभी तक प्रशासन की तरफ से मौतों की पुष्टी नहीं की गई है.

CM योगी ने हादसे का संज्ञान लिया
श्रृंगार घाट मौके पर भारी संख्या में लोग मौजूद हैं. लोगों की भीड़ को देखते हुए पुलिस बल को भी तैनात किया गया है. वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचना शुरू हो गए हैं. स्टीमर हादसे का CM योगी ने भी संज्ञान लिया. CM योगी ने अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं. साथ ही राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.



