खेल

टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हुआ पाकिस्तान तो किस टीम को मिलेगा मौका? आईसीसी के इस नियम के तहत होगा फैसला

Uganda Will Replace Pakistan In ICC T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने जा रहा है. इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान की भागीदारी का फैसला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ के हाथों में छोड़ दी है. प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ही अब तय करेंगे कि पाकिस्तानी टीम टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगी या नहीं. पाकिस्तान की इस टूर्नामेंट में भागीदारी को लेकर अगले कुछ दिनों में अंतिम फैसला आ सकता है. इसको लेकर पीसीबी के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने सोमवार यानी 26 जनवरी को एक्स पर बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात की. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, ‘प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से सकारात्मक बैठक हुई. उन्हें आईसीसी मामले की जानकारी दी और उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विकल्प खुले रखते हुए इसका हल निकाला जाएगा. तय हुआ है कि अंतिम फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार को लिया जाएगा.’

टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने वाली दूसरी टीम होगी पाकिस्तान?

पाकिस्तान अगर टी20 वर्ल्ड कप 2026 से हटता है तो वो टूर्नामेंट से बाहर होने वाली दूसरी टीम बन जाएगी. हाल ही में बांग्लादेश ने भी टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया था, क्योंकि आईसीसी ने उनके मैच श्रीलंका में शिफ्ट करने से इनकार कर दिया था. हालांकि, आईसीसी ने स्वतंत्र सुरक्षा जांच के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की मांग ठुकराया था.

पाकिस्तान की जगह युगांडा को मिलेगा मौका

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से अगर पाकिस्तान हटता है तो उसकी जगह युगांडा को मौका मिलेगा. पूर्वी अफ्रीका की ये टीम 2024 टी20 वर्ल्ड कप का हिस्सा थी, लेकिन युगांडा टीम 2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई थी. आईसीसी के नियमों के मुताबिक जो टॉप रैंकिंग वाली टीम क्वालीफाई नहीं कर पाती हैं, वो बाहर होने वाली टीम की जगह लेती है. बांग्लादेश की जगह 14वीं रैंकिंग वाली स्कॉटलैंड को मौका मिला. युगांडा दूसरी सबसे ऊंची रैंकिंग वाली टीम है जो 2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई है. युगांडा टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में 21वें स्थान पर है और इस वजह से वो पाकिस्तान की जगह लेगी.

कैसा रहा था युगांडा का टी20 वर्ल्ड कप 2024 में प्रदर्शन

युगांडा ने पहली बार टी20 वर्ल्ड कप 2024 में हिस्सा लिया और चार मैचों में एक जीत दर्ज करने में सफल रही थी. उन्हें पीएनजी के खिलाफ जीत मिली थी, जबकि अफगानिस्तान, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. हालांकि, युगांडा टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी थी.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button